नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को अपने तीन दिवसीय पंजाब प्रवास की शुरुआत की। अमृतसर स्थित श्री गुरु राम दास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों सहित पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
दोपहर में नितिन नवीन ने अमृतसर स्थित आईटीसी वेलकम होटल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के साथ प्रदेश कोर कमेटी की बैठक की। इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक एवं संगठनात्मक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पवित्र एवं ऐतिहासिक श्री हरमंदिर साहिब श्री दरबार साहिब में मत्था टेका और अरदास की। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सूचना केंद्र द्वारा नितिन नवीन का सम्मान किया गया तथा सूचना केंद्र के अधिकारियों ने उन्हें रस्मी तौर पर पगड़ी भी बांधी।
भाजपा अध्यक्ष ने श्री हरमंदिर साहिब में सेवा भी दी और बर्तन साफ किए। नितिन नवीन ने कहा कि गुरु महाराज साहब का आशीर्वाद लेने का अवसर प्राप्त हुआ। आज यहां अरदास कर पूरे देश के लोगों के लिए शांति और अमन तथा पंजाब के लोगों की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की है। मैं पटना साहिब, गुरु गोविंद सिंह जी के जन्मस्थान से आया हूं, जो मेरी कर्मभूमि है और यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे गुरुओं की इस भूमि पर आकर श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने का अवसर मिला। इस पवित्र स्थल का अपना एक गौरवशाली इतिहास है, जिसने पंजाब को पूरे देश और विश्व में एक अलग स्थान दिलाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार राजा रणजीत सिंह ने इस शहर और इस राज्य को एक अलग पहचान दी थी, उसी प्रकार सभी चाहते हैं कि उनके सपनों का पंजाब बनाया जाए। आज मैंने उसी पंजाब के लिए अरदास और प्रार्थना की है तथा पूरे राज्य की सुख-शांति और तरक्की की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार पूरा देश विकास के पटल पर आगे बढ़ रहा है, उसी प्रकार पंजाब भी विकास के पैमाने पर आगे बढ़े और विकास की किरणें पंजाब के हर घर, हर मोहल्ले और हर गांव तक पहुंचें, मैंने आज ऐसी प्रार्थना की है। मैं स्वयं को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इस पवित्र भूमि और इस पवित्र स्थान पर आने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि गुरुओं की इस पवित्र भूमि पर आकर मुझे नई ऊर्जा प्राप्त हुई है, तथा पूरे देश और पंजाब के विकास एवं सेवा का संकल्प और मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश जिस गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, उसी प्रकार पंजाब भी प्रगति के नए आयाम स्थापित करे। हमारा स्पष्ट विजन है कि यदि पंजाब को कोई वास्तव में नशामुक्त बना सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल-इंजन भाजपा सरकार ही है।
इसके बाद नितिन नवीन ने जलियांवाला बाग पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के अमर बलिदानियों को नमन किया और श्री दुर्गियाना तीरथ स्थित श्री दुर्गियाना मंदिर में दर्शन-पूजन किया। साथ ही, ग्राम कलेर स्थित श्री रामतीरथ (वाल्मीकि मंदिर) पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसके बाद देर शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बीएमसी चौक से होटल रेडिसन, जालंधर तक भव्य रोड शो किया। इस रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिला तथा पूरे मार्ग में स्वागत और अभिनंदन का वातावरण बना रहा।

