महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे पिता-पुत्र

0
3

गढ़चिरौली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। आरमोरी-गढ़चिरौली मुख्य मार्ग पर शनिवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चुरमुरा से वसा गांव के बीच एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। हालांकि चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ी त्रासदी टल गई और पिता-पुत्र सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, कार चालक अनिल डोंगरवार अपने बेटे को सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा दिलाने के लिए गढ़चिरौली ले जा रहे थे। चुरमुरा गांव पार करने के बाद अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझा, लेकिन कुछ ही सेकंड में धुआं तेजी से बढ़ गया और आग भड़कने के संकेत मिलने लगे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए अनिल डोंगरवार ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बिना समय गंवाए खुद और अपने बेटे को वाहन से बाहर निकाल लिया। उनके उतरते ही कार ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते आग का गोला बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गर्मी और उच्च तापमान के कारण आग और अधिक भड़क गई। लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि आसपास मौजूद लोग भयभीत हो गए और कोई भी वाहन के पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत हालात को संभालते हुए सुरक्षा घेरा बनाया, जबकि दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, दमकल की गाड़ी के पहुंचने तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था और केवल उसका ढांचा ही बचा था।

इस हादसे के चलते कुछ समय के लिए आरमोरी–गडचिरौली मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को डायवर्ट किया और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात फिर से सुचारू किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।