पुणे, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने महाराष्ट्र में होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर महायुति की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि राज्य की पांचों सीटों पर महायुति उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे। पुणे में ग्रेजुएट और टीचर कॉन्स्टिट्यूएंसी से उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए जाने के बाद मोहोल ने यह दावा किया।
मुरलीधर मोहोल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पुणे ग्रेजुएट कॉन्स्टिट्यूएंसी और पुणे टीचर कॉन्स्टिट्यूएंसी दोनों के लिए नामांकन दाखिल किए गए हैं। पूरे महाराष्ट्र में पांच सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं और महायुति सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। यह चुनाव प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। मोहोल ने विश्वास जताया कि तीनों नेताओं के नेतृत्व में महायुति पांचों सीटों पर विजय हासिल करेगी।
वहीं, नागपुर में भाजपा एमएलसी उम्मीदवार सुधाकर कोहाले ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद आईएएनएस से बात की। कार्यकर्ताओं के उत्साह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छह जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। तिरोरा और गोंदिया से भी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सुधाकर कोहाले ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जिस तरह का जोश दिखाई दिया, उससे उन्हें बड़ी जीत का भरोसा है। फिलहाल उनके सामने कोई बड़ी रुकावट नहीं है और महायुति के नेता तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ता मजबूती से काम कर रहे हैं। सुधाकर कोहाले ने अनिल सोले का जिक्र करते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उन्होंने उनके साथ काम किया है और उन्हें उम्मीद है कि उनका आशीर्वाद हमेशा की तरह उनके साथ रहेगा।
उन्होंने कहा कि अगर उनके मन में किसी तरह का अविश्वास या दूरी है तो बातचीत के जरिए उसे कम किया जाएगा। पार्टी में विचार-विमर्श और चर्चा की परंपरा है और इस मामले में भी बातचीत होगी। उन्होंने दावा किया कि वह करीब एक साल से इस चुनाव को लेकर काम कर रहे हैं। बूथ स्तर के कार्यकर्ता और महायुति के नेता चुनाव में मजबूती से जुटे हुए हैं।
