मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों उद्धव ठाकरे (यूबीटी) के 6 बागी सांसदों के एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में शामिल होने का मामला चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस पूरे ऑपरेशन को सफल बताया है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि उनकी पार्टी एनसीपी को ऐसे किसी ऑपरेशन की जरूरत नहीं है।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री छगन भुजबल से जब यह पूछा गया कि क्या एनसीपी भी कोई ऑपरेशन करने वाली है, इस पर भुजबल ने कहा कि हम ऑपरेशन नहीं करते हैं, उसकी जरूरत भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन टाइगर सफल रहा या नहीं, इसका बेहतर जवाब तो चुनाव के दौरान जब जनता के सामने जाएंगे तो उनके रिएक्शन से पता चलेगा।
उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के एक बयान पर कहा, “मैं उनके बयान पर क्या कहूं? वे पार्टी के प्रवक्ता और सांसद हैं, साथ ही संपादक भी हैं। उनके पास बोलने का खजाना है और उनकी बातों पर मैं क्या बोल सकता हूं?”
‘ऑपरेशन टाइगर’ पर एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी ने कहा कि मीडिया इसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ कह रही है। मेरा मानना है कि हमेशा की तरह शिवसेना (यूबीटी) के लोग नाखुश थे, क्योंकि वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक अपनी पहुंच नहीं बना पा रहे थे। मुझे पता है कि उद्धव ठाकरे के स्थानीय कार्यकर्ताओं को भी आसानी से उनसे मिलने या बातचीत करने का मौका नहीं मिलता।
ऑपरेशन टाइगर पर भाजपा सांसद अशोक चव्हाण ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। जो कुछ भी किया गया है, वह कानून के मुताबिक और कानूनी रूप से सही है।
भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने ‘ऑपरेशन टाइगर’ पर कहा कि जब सभी कह रहे हैं कि ऑपरेशन टाइगर सफल हुआ, तो मैं क्या कहूं? सभी लोग गलत तो नहीं कह सकते हैं।
मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि अभी केंद्र में हमारे पास पूरी ताकत है। बंगाल, महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों से कई सांसद हमारे साथ जुड़ रहे हैं। इसलिए, वहां हमारा पूरा कंट्रोल है और भविष्य में किसी भी बिल को पास कराने के लिए हमारे पास पर्याप्त संख्या होगी।
दूसरी ओर, यूसीसी बिल का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए एक कमेटी को मंजूरी दिए जाने पर सपा विधायक अबू आजमी ने कहा कि वे कुछ भी ला सकते हैं। वे एनआरसी लाना चाहते हैं और मुसलमानों को यहां से हटाना चाहते हैं। वे मुसलमानों को गद्दार कह रहे हैं।
राम मंदिर चंदे के विवाद पर अबू आजमी ने कहा कि जो लोग भगवान राम का नाम लेते हैं, वे पूरे देश को गुमराह कर रहे हैं। राम के नाम पर चंदा इकट्ठा करने में भ्रष्टाचार हो रहा है, जिसे रोका नहीं जा रहा है। मेरा मानना है कि यह सरकार की बड़ी विफलता है और जनता को इस बारे में सोचना चाहिए। चुनावों के लिए राम के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है।
शिवसेना विधायक नीलेश नारायण राणे ने अबू आजमी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अबू आजमी और क्या जानते हैं। वे सिर्फ धर्म के नाम पर बात करते हैं। वे सदन में बंटवारा और झगड़े पैदा करना चाहते हैं। इसके अलावा वे कभी भी वित्त या विकास जैसे गंभीर मुद्दों पर बात नहीं करते। वे बस सदन में व्यवधान डालना और महाराष्ट्र के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यूसीसी तो लागू होना चाहिए।सदन के भीतर तीन तलाक का मुद्दा उठाया गया था। मुस्लिम समुदाय की महिलाओं की सुरक्षा कैसे की जाए और उनके अधिकारों की रक्षा कैसे हो, इसे लेकर चर्चा हुई।

