महिलाओं के खिलाफ पप्पू यादव के बयान पर भड़के नवल किशोर यादव, कांग्रेस को बताया ‘पाखंड़ियों की जमात’

0
6

पटना, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एमएलसी नवल किशोर यादव ने महिलाओं पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की विवादित टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ही दूसरों की मां-बहन और बेटियों के बारे में गलत बोल सकते हैं, अन्य कोई दूसरा नेता नहीं।

भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “पप्पू यादव पर मेरे जैसे लोगों को नहीं बोलना चाहिए। महिलाओं के बारे में सिर्फ वही अभद्र भाषा का प्रयोग कर सकते हैं। हम लोग अपने शब्दों से ला नहीं सकते हैं।”

इस दौरान, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नवल किशोर यादव ने कहा, “कांग्रेस भी इसी तरह (पप्पू यादव जैसे) के पाखंड़ियों की जमात है। कांग्रेस किसी के भी सिर को फोड़कर या अन्य किसी तरह से सत्ता में लौटना चाहती है, ताकि लूटने का अवसर फिर से मिल जाए।”

नवल किशोर यादव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आपत्तिजनक बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मल्लिकार्जुन खड़गे बूढ़े हो गए हैं। उनकी सोचने की शक्ति कम हो गई है। वो गड़बड़ा गए हैं। भारत के प्रधानमंत्री, जिनके सामने पूरी दुनिया नतमस्तक होती है, तो खड़गे के गाली देने से और अपमानित करने से पीएम नरेंद्र मोदी अपमानित होने वाले नहीं हैं। भारत की जनता और भारत का जन समर्थन उनके साथ है।”

भाजपा एमएलसी ने आगे कहा, “पीएम मोदी जनता के लिए जीते हैं। इसलिए कांग्रेस और खड़गे को जनता से भी नफरत होने लगती है। ये सत्ता में जीने और सुविधा भोगने वाले लोग हैं। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।”

नवल किशोर यादव ने पटना एनकाउंटर पर कहा, “जैसा को तैसा होना ही चाहिए। समाज में भय पैदा करने वाले, डकैती करने वाले या किसी के साथ बदतमीजी करने वालों का इंतजाम इसी तरह होना चाहिए। ये नई सरकार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में है। वो किसी भी स्थिति, किसी भी परिस्थिति में समझौता करने वाले नहीं हैं। अपराधियों को जैसा को तैसा जवाब देने की जरूरत है और दिया है। इसके लिए पुलिस-प्रशासन को धन्यवाद।”