महोबा नीट छात्रा अपहरण केस: अमित शाह के बाद अजय राय ने सीएम योगी को लिखा पत्र, सख्त कार्रवाई की मांग

0
2

लखनऊ, 10 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के महोबा से कथित तौर पर अपहृत नीट अभ्यर्थी निशा अहिरवार के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखने के बाद अब अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पत्र भेजकर छात्रा की सकुशल बरामदगी और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि 30 अप्रैल को महोबा से नीट की तैयारी कर रही मध्य प्रदेश निवासी 25 वर्षीय छात्रा निशा अहिरवार के अपहरण की घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता पहले से ही नामजद आरोपियों द्वारा उत्पीड़न और धमकियों का सामना कर रही थी तथा परिवार की ओर से पुलिस को लगातार अवगत कराने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

अजय राय ने पत्र में कहा कि यह मामला प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने और प्रभावी कार्रवाई करने में भी उदासीन नजर आती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि छात्रा की तत्काल सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए, नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर धाराओं में कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्यायिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्थानीय पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई करने की भी मांग की गई।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए पत्र में भी मामले की निष्पक्ष जांच और छात्रा की सुरक्षित बरामदगी की मांग उठाई गई थी। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जोड़कर राज्य सरकार पर हमला बोल रहा है।