Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल मैदान पर भिड़ने की यशस्वी-असिथा को मिली सजा, आईसीसी ने लगाया मैच...

मैदान पर भिड़ने की यशस्वी-असिथा को मिली सजा, आईसीसी ने लगाया मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना

0
4

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। दोनों खिलाड़ियों पर अब आईसीसी ने जुर्माना लगाया है।

यशस्वी और असिथा पर आईसीसी ने मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही दोनों को एक-एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिए गए हैं। यशस्वी-असिथा को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.12 का दोषी पाया गया है, जो “किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायता कर्मी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति (जिसमें अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दर्शक भी शामिल हैं) के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क” से संबंधित है।

दरअसल, टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल को आउट करने के बाद असिथा फर्नांडो आक्रामक अंदाज में जश्न मनाते हुए नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने यशस्वी से कुछ कहा, जिसके बाद पवेलियन की ओर लौट रहे यशस्वी अचानक से श्रीलंकाई तेज गेंदबाज की तरफ मुड़े और असिथा को अपने हेलमेट से हिट भी किया। विवाद बढ़ता देख श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने यशस्वी को साइड किया।

दिन का खेल खत्म होने के बाद यशस्वी के बर्ताव की काफी आलोचना भी हुई। टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी माना कि यशस्वी को असिथा के इतने करीब नहीं जाना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस तरह की झड़प में अक्सर ऐसा हो जाता है। यशस्वी दूसरे टेस्ट की पहली पारी में अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 45 रन बनाकर असिथा फर्नांडो की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। पहले टेस्ट में भी यशस्वी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। वह पहली पारी में 32 और दूसरी इनिंग में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे। दूसरे दिन टी-ब्रेक तक टीम इंडिया ने 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 475 रन लगा लिए हैं। ध्रुव जुरेल 95 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।