Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल मैं बस परिस्थिति और गेंद के हिसाब से खेल रहा था: उर्विल...

मैं बस परिस्थिति और गेंद के हिसाब से खेल रहा था: उर्विल पटेल

0
23

चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ इस लीग का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने बताया कि वह बस मैच की परिस्थिति और बॉल को देखकर बल्लेबाजी कर रहे थे।

उर्विल ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उर्विल ने यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी की। यशस्वी ने साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलते हुए 13 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की थी।

उर्विल ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 65 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 छक्के और दो चौके लगाए। उर्विल की तूफानी पारी के बूते सीएसके एलएसजी से मिले 204 रनों के लक्ष्य को 4 गेंदें शेष रहते हुए हासिल करने में सफल रही। सीएसके ने साल 2019 के बाद पहली बार 180 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज किया।

मैच के बाद उर्विल ने कहा, “मेरे दिमाग में कुछ नहीं था, लेकिन मैं बस परिस्थिति और गेंद के हिसाब से बैटिंग करना चाहता था। कोच ने बस मुझे एक स्थिर बेस बनाए रखने और फिर हिट करने के लिए कहा था, और मैंने वही किया। ऋतुराज ने कहा कि विकेट नीचा है और इसके लिए तैयार रहना है। उन्होंने मुझे ज्यादा कुछ नहीं बताया और मुझे मेरा नेचुरल गेम खेलने दिया।”

प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए जेमी ओवरटन ने अपने प्रदर्शन को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “बढ़िया प्रदर्शन करके अच्छा लगा। लाइन पार करके और दो और प्वाइंट्स हासिल करके अच्छा लगा। मुझे लगता है कि यह बस वही करने का नतीजा था जो मैं अच्छे से कर रहा था। मैंने बस स्टंप्स को हिट करने का प्रयास किया, जिसका फायदा मुझे मिला।”

ओवरटन ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 36 रन खर्च करते हुए 3 बड़े विकेट निकाले। यह चेन्नई सुपर किंग्स की इस सीजन की छठी जीत है और टीम अब प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर आ गई है।