Monday, August 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त की जयंती पर सीएम योगी समेत कई राज्य के मुख्यमंत्रियों...

मैथिलीशरण गुप्त की जयंती पर सीएम योगी समेत कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

0
3

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। ‘राष्ट्रकवि’ और ‘पद्म भूषण’ मैथिलीशरण गुप्त की सोमवार को 140वीं जयंती है। उनका जन्म 3 अगस्त 1886 को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में हुआ था। उनकी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उपदेश गीता का हमारा युद्ध का ही गीत है, जीवन-समर में भी जनों को जो दिलाता जीत है। हिंदी साहित्य को राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं की अमर वाणी देने वाले ‘राष्ट्रकवि’, ‘पद्म भूषण’ मैथिलीशरण गुप्त की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनके शब्द पीढ़ियों को सत्य, त्याग और मर्यादा के पथ पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से जन-जन में देशभक्ति का भाव जागृत करने वाले राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त जी की जयंती पर कोटिशः नमन। आपकी कालजयी रचनाएं सदैव राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देती रहेंगी।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हिंदी साहित्य के गौरव, पद्म भूषण से सम्मानित राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। भारतीय संस्कृति की आत्मा, राष्ट्रचेतना की अभिव्यक्ति और जनमानस की भावनाओं को अपनी लेखनी में अमर करने वाले मैथिलीशरण गुप्त जी का साहित्य आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी है। उनकी कालजयी रचनाएं राष्ट्रसेवा, कर्तव्यबोध और आत्मगौरव का संदेश देती रहेंगी।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उन्होंने खड़ी बोली हिंदी को काव्य की सशक्त अभिव्यक्ति प्रदान की और अपनी लेखनी से राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और भारतीय संस्कृति के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रीय चेतना के प्रखर स्वर, राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और मानवीय मूल्यों से ओतप्रोत उनकी कालजयी रचनाएं हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं। उनका साहित्य राष्ट्र चेतना का दीप प्रज्ज्वलित करते हुए हम सभी को सदैव देशसेवा और लोककल्याण के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता रहेगा।”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रकवि, पद्मभूषण से सम्मानित एवं हिंदी साहित्य के अमर हस्ताक्षर मैथिलीशरण गुप्त जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। उनकी कालजयी रचनाएं राष्ट्रप्रेम, संस्कृति और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा बनकर सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी।”