SGSU Advertisement
Home खेल मजबूत टीमें अपनी हार नहीं भूलतीं, उससे सीखकर जीता एशिया कप 2026:...

मजबूत टीमें अपनी हार नहीं भूलतीं, उससे सीखकर जीता एशिया कप 2026: अमोल मजूमदार

0
5

दुबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि मजबूत टीमें अपनी पिछली नाकामियों को कभी नहीं भूलतीं। उन्होंने अपनी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि हरमनप्रीत एंड कंपनी ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार से सीखा और एशिया कप 2026 के फाइनल में 72 रन से शानदार जीत हासिल की।

भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 183/5 का स्कोर बनाने के बाद श्रीलंका की पूरी टीम को सिर्फ 111 रनों पर समेटते हुए रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से बात करते हुए मजूमदार ने बताया कि कैसे टीम ने इस बार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपने पिछले फाइनल के अनुभव का इस्तेमाल किया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में मजूमदार ने कहा, “अच्छी टीमें, उन्हें याद रहता है कि पहले क्या हुआ था। मजबूत टीमें कभी नहीं भूलतीं। उन्हें कभी नहीं भूलना चाहिए कि क्या हुआ था।” श्रीलंका ने 2024 में दांबुला में हुए एशिया कप 2024 के फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराकर अपना पहला महिला एशिया कप खिताब जीता था, हालांकि भारत ने इस बार 2 साल पहले मिली हार का हिसाब दुबई में खेले गए फाइनल में चुकता कर लिया।

मजूमदार ने सबसे पहले शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बीच ओपनिंग पार्टनरशिप की तारीफ की, जिन्होंने रिकॉर्ड 129 रन की साझेदारी करके भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने कहा, “कुछ भी कहने से पहले, मुझे लगता है कि 129 रन बनाने के लिए जोरदार तालियां बजनी चाहिए।”

शेफाली ने 39 गेंदों पर 68 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 39 गेंदों पर 59 रन बनाए, जिसने भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। शेफाली ने टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक भी बनाया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

इसके बाद मजूमदार ने टीम के गेंदबाजी यूनिट के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने खासतौर पर युवा स्पिन गेंदबाज श्री चरणी का जिक्र किया, जिन्होंने फाइनल में महज 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उन्होंने कहा, “गेंदबाजी जबरदस्त रही। क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन किया। दो ओवर, आठ रन, एक विकेट। नंदनी शर्मा, तीन ओवर, 17 रन। प्रेमा ने तीन ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि दीप्ति ने चार में 19 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, शेफाली ने भी एक विकेट चटकाया।” उन्होंने श्री चरणी को लेकर कहा, “गेंदबाजी यूनिट में सबसे कम उम्र की गेंदबाज श्री चरणी का प्रदर्शन लाजवाब रहा।”

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम ने अपने पिछले फाइनल के अनुभवों से सबक लिया और इस बार ज्यादा अनुशासित खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने सही योजनाओं पर अमल किया और पूरे मैच में बेहतर नियंत्रण बनाए रखा, जिसका फायदा टीम को शानदार प्रदर्शन के रूप में मिला।

हरमनप्रीत ने कहा, “मुझे लगता है कि पिछली बार फाइनल में हमने कई गलतियां की थीं, लेकिन हमने उनसे सीखा है। यह दिन अच्छा क्रिकेट खेलने और मैदान पर कम गलतियां करने की कोशिश करने के बारे में था, क्योंकि हमने फाइनल देखा है। यह सब अपना बेस्ट देने और साथ ही कम गलतियां करने के बारे में है।मुझे लगता है कि पूरी टीम एक साथ आई और हमने अपना बेस्ट दिया और मैं इसके लिए बहुत खुश हूं।”