SGSU Advertisement
Home राजनीति मल्लिकार्जुन खड़गे का सरकार पर तंज, बोले- ‘देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे...

मल्लिकार्जुन खड़गे का सरकार पर तंज, बोले- ‘देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात; सीजीआई से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल’

0
2

बेंगलुरु, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है और युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हालिया विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती और गिरफ्तारियों से सरकार की चिंता जाहिर होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई की तुलना आपातकाल के दौर से करते हुए कहा कि उस समय भी ट्रेनें और उड़ानें नहीं रोकी गई थीं। उस दौर में बिना किसी ठोस आधार के लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाता था।

खड़गे ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान वह शिक्षा मंत्री थे और देवराज उर्स कर्नाटक के मुख्यमंत्री थे। उस समय लोगों को बेवजह गिरफ्तार करने से बचा जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए लोगों की गिरफ्तारियां करवा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 32 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। उन्होंने इसे सरकार की घबराहट का संकेत बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं के प्रदर्शन से डर रही है। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में ऐसे हालात बनाए जा रहे हैं, जिन्हें अघोषित आपातकाल कहा जा सकता है। कांग्रेस इन परिस्थितियों के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि सोमवार को हम भारत के मुख्य न्यायाधीश से भी मिलने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पत्र लिखा है। प्रतिनिधिमंडल ने शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सीजीआई के सामने कोई मांग रखने के बजाय अपनी बात रखेगी और मौजूदा परिस्थितियों से उन्हें अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के समक्ष अपनी चिंताएं व्यक्त करना और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अनुरोध करना उनका उद्देश्य है।

खड़गे ने दोहराया कि कांग्रेस अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।