SGSU Advertisement
Home राजनीति ममता बनर्जी के लिए बंगाल की राजनीति में अब जगह नहीं बची,...

ममता बनर्जी के लिए बंगाल की राजनीति में अब जगह नहीं बची, लोग लगा रहे ‘जय श्री राम’ के नारे : दिलीप घोष

0
4

खड़गपुर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में मंत्री दिलीप घोष ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान के संदर्भ में राज्य की राजनीति, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से राज्य में ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने की आजादी और अनुकूल माहौल का इंतजार कर रही थी। आज लोग खुशी-खुशी यह नारा लगा रहे हैं और यह बदलाव जनता के कारण ही संभव हुआ है।

पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने वाले लोगों को पुलिस पकड़कर जेल में डाल देती थी। उन्हें दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ता था लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। लोग खुलकर भगवान की पूजा कर रहे हैं और धार्मिक नारे लगा रहे हैं। राज्य में आया यह परिवर्तन जनता की इच्छा और उसके फैसले का परिणाम है।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए दिलीप घोष ने कहा कि वह दो चुनावों में दो बार हार चुकी हैं। पिछली बार उनकी पार्टी चुनाव जीती थी और वह पिछले दरवाजे से मुख्यमंत्री बन गई थीं। हालांकि इस बार उनकी पार्टी पूरी तरह साफ हो गई है।

उन्होंने कहा कि बंगाल की राजनीति में अब ममता बनर्जी के लिए कोई जगह नहीं बची है। इसी वजह से वह दिल्ली में हंगामा कर रही हैं। जब अपने ही राज्य की जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है, तो वह दिल्ली में किस आधार पर राजनीति कर सकती हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि वह विदेशी धन, विदेशी ताकतों और विदेशी इशारों पर देश में अशांति फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और सरकारी संस्थानों का विरोध करना तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब करना राहुल गांधी की राजनीतिक परंपरा बन गई है। राहुल गांधी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

वहीं, नशीले पदार्थों के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। आज की युवा पीढ़ी धीरे-धीरे इसकी चपेट में आ रही है। सरकार इस समस्या से निपटने के लिए विभिन्न उपाय कर रही है और लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। उन्होंने आम जनता से भी सतर्क रहने और अगली पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की।