मनन मिश्रा बोले- अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद का खात्मा ऐतिहासिक उपलब्धि

0
5

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनन कुमार मिश्रा ने ‘नक्सल-मुक्त भारत’ की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कांग्रेस पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि पिछले शासनकाल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास से दूर रखा गया।

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “नक्सलवाद देश को अंदर से खोखला कर रहा था। यह एक बहुत ही गंभीर समस्या थी। हमारे कुछ राज्य, जिनमें छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्से शामिल हैं, विनाश की ओर बढ़ रहे थे। इससे आदिवासी क्षेत्रों का विकास नहीं हो पा रहा था। कांग्रेस ने लगातार इस समस्या को बढ़ावा दिया।”

उन्होंने कहा, “नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र में विकास, लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने और उन्हें शिक्षा व बिजली-पानी की सुविधा देने के बजाय कांग्रेस ने लगातार नक्सलियों को बढ़ावा दिया। हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद को खत्म करने का काम हुआ है, जो देशहित के साथ आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोगों के हित में भी है। यह बिल्कुल ऐतिहासिक कार्य है।”

भाजपा सांसद ने कहा, “नक्सलवाद हमारे देश से पूरी तरह साफ हो चुका है। नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में आज विकास हो रहा है। वहां अमन-चैन है और शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहां के लोगों के लिए बिजली पानी की भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नक्सलवाद से जुड़े लोग भी अब मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।”

बता दें कि एक समय नक्सलवाद का पर्याय बनने वाले क्षेत्र बस्तर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को ‘नक्सल-मुक्त’ घोषित किया। उन्होंने सिर्फ नक्सल-मुक्त होना काफी नहीं, 2031 तक पूरी तरह ‘विकसित बस्तर’ बनाना लक्ष्य है।

सांसद मनन कुमार मिश्रा ने इस दौरान देश में ईंधन संकट पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह संकट पूरी दुनिया के लिए एक संकट है। यह एक वैश्विक समस्या है। ऐसी स्थिति में, भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जितना संभव हो सके, उतना कर रहे हैं। मेरी नजर में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर दुनिया में सबसे ज्यादा प्रयास कर रहे हैं।”