नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की कैंपेन कमेटी और मैनिफेस्टो कमेटी में एक ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठाए हैं, जिस पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े किए। सीएम रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि महिला सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस का दोहरा चरित्र एक बार फिर सामने आया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस एक ओर महिला सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर अपनी पार्टी के एक सांसद को मणिपुर विधानसभा चुनाव की कैंपेन कमेटी का सदस्य और मैनिफेस्टो कमेटी का सह-अध्यक्ष बनाती है। संबंधित व्यक्ति पर जेएनयू की छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप हैं।
उन्होंने प्रियंका गांधी से सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि इस व्यक्ति को कांग्रेस की महत्वपूर्ण चुनावी समितियों में जगह दी गई। उन्होंने प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का उल्लेख करते हुए तंज कसा कि ऐसे फैसलों से यह संदेश जाता है कि ‘लड़की हूं, सह सकती हूं, चुप रह सकती हूं।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने और प्रोफेसर पद से बर्खास्त किए जाने की बात कही जा रही है, उसे कांग्रेस ने चुनावी अभियान से जुड़ी अहम जिम्मेदारी दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे व्यक्ति को कैंपेन कमेटी का सदस्य, मैनिफेस्टो कमेटी का सह-अध्यक्ष और चुनावी अभियान शुरू करने की जिम्मेदारी कैसे दी जा सकती है। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को महत्वपूर्ण पद देने के पीछे क्या कारण हैं। उन्होंने राहुल गांधी से भी सवाल किया कि अपनी राजनीतिक गतिविधियों और बार-बार की री-लॉन्चिंग की कोशिशों के बीच उन्हें ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी देने की क्या मजबूरी थी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जो पार्टी महिलाओं का सम्मान नहीं करती, वह मणिपुर की बहनों के साथ न्याय कैसे करेगी। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे व्यक्ति की भूमिका में रहते हुए कांग्रेस महिलाओं के हितों से जुड़ी कौन-सी नीतियां बनाएगी और उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए क्या संकल्प लेगी। उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की।
