SGSU Advertisement
Home खेल मैट रेनशॉ बने ‘संकटमोचक’, जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने...

मैट रेनशॉ बने ‘संकटमोचक’, जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट खोकर बनाए 294 रन

0
6

हरारे, 15 सितंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 294 रन बनाए हैं। टीम की ओर से मैट रेनशॉ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड महज 4 रन बनाकर ब्रैड इवांस का शिकार बने। इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और कूपर कोनोली ने दूसरे विकेट के लिए मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। मार्श अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 28 गेंदों में 36 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, कोनोली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 51 रनों की अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए।

जोश इंग्लिस का बल्ला खामोश रहा और वह महज 4 रन बनाकर आउट हुए। एलेक्स केरी ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, लेकिन 27 रन बनाने के बाद वह अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद छठे विकेट के लिए ओलिवर पीक और मैट रेनशॉ ने मिलकर महत्वपूर्ण 75 रन जोड़े। पीक 40 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, रेनशॉ एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने शतकीय पारी खेली। रेनशॉ ने 94 गेंदों का सामना करते हुए 109 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए।

जेवियर बार्टलेट 5 रन ही बना सके। नाथन एलिस 12 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एडम जम्पा 3 रन बनाकर नॉटआउट रहे। जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी में 29 वर्षीय गेंदबाज न्यूमैन न्याम्हुरी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए ‘पंजा’ खोला। उन्होंने 9 ओवर के अपने स्पेल में 62 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं, ब्रैड इवांस ने 51 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि कप्तान सिकंदर रजा ने एक विकेट अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरुआती झटकों से उबरने में सफल रही और रेनशॉ की पारी के बूते टीम 294 के टोटल तक पहुंचने में सफल रही।