Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन मेरी पूरी दुनिया चली गई, आशा भोसले को याद कर पोती जनाई...

मेरी पूरी दुनिया चली गई, आशा भोसले को याद कर पोती जनाई भोसले हुईं भावुक

0
30

मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी के साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद करते हुए एक प्यारा वीडियो शेयर किया है। इस पोस्ट में जनाई ने बताया कि उनकी दादी उनके लिए परिवार का सिर्फ एक सदस्य नहीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया थीं।

जनाई ने अपने पोस्ट में लिखा, ”आज सुबह जब मैं उठी, तो मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपने शरारतों के साथी, अपने सबसे अच्छे दोस्त, उस इंसान को खो दिया है, जिसने मेरी दुनिया को पूरा किया, जिसने मुझे जन्म के समय सबसे पहले अपनी गोद में लिया था।”

उन्होंने आगे लिखा, ”अब मैं क्या करूं? अब मैं सुबह उठकर किसे गले लगाऊं और किसके साथ चाय पीयूं? जब मैं घर आऊंगी तो मेरा इंतजार कौन करेगा? और मैं मजाक किसके साथ करूंगी? मेरी पूरी दुनिया चली गई।”

जनाई ने दादी को याद करते हुए कहा, ”ये तो बस कुछ बातें हैं जो मुझे उनकी याद दिलाती हैं, लेकिन जो लोग मेरे साथ इस दुख को महसूस कर रहे हैं, उनसे मैं यही कहना चाहती हूं कि अगर कोई उन्हें याद करे, तो उसी खुशी और जिंदादिली के साथ करे, जिससे वह हमेशा जानी जाती थीं। उन्होंने हर किसी के जीवन में हंसी और खुशी भरने का काम किया था।”

उन्होंने लिखा, “मुझे लगता है कि वह हम सबको ऊपर से देख रही हैं, खासकर अपने परिवार पर नजर रख रही हैं। मुझे यकीन है कि वह बहुत जल्द मेरे पास वापस आएंगी, क्योंकि उन्होंने मुझसे यही वादा किया था और हमेशा यही कहती थीं। मैंने अपने जीवन का सबसे बड़ा प्यार खो दिया है और इससे बड़ा दुख दुनिया में कोई नहीं होता, इसलिए मैं आप सबसे कहना चाहती हूं कि जिंदगी को पूरी तरह जीएं और उन्हें इसी तरह याद करें।”

पोस्ट के आखिर में जनाई ने लिखा, “आई लव यू आशाई…और फिलहाल अलविदा मेरे प्यार… मुझे पता है कि आप हमेशा मेरे साथ रहेंगी, चाहे कुछ भी हो। बस मैं इंतजार कर रही हूं कि आप वापस आएं और मुझे एक बार फिर गले लगाएं।”