मीस (स्विट्जरलैंड), 17 जून (आईएएनएस)। इंटरनेशनल बास्केटबॉल फेडरेशन (एफआईबीए) ने बताया है कि 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक गेम्स के लिए महिला बास्केटबॉल प्री-क्वालिफाइंग टूर्नामेंट का आयोजन मेक्सिको के ग्वाडलहारा में किया जाएगा।
सितंबर में बर्लिन में होने वाले 2026 एफआईबीए महिला बास्केटबॉल वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने वाली आठ टीमें 17 से 23 अगस्त तक ओलंपिक प्री-क्वालिफायर में हिस्सा लेंगी। सिर्फ टूर्नामेंट की विजेता ही फरवरी 2028 में होने वाले एफआईबीए महिला ओलंपिक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेगी।
अर्जेंटीना, ब्राजील, कनाडा, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सेनेगल, साउथ सूडान और मेक्सिको (जो कोलंबिया की जगह लेगा) को अपने ओलंपिक सपनों को पूरा करने का एक और मौका मिलेगा। मेक्सिको को यह मौका इसलिए मिला है, क्योंकि वह महिलाओं की एफआईबीए विश्व रैंकिंग में अपने महाद्वीप की सबसे ऊंची रैंक वाली ऐसी टीम है, जिसने पहले टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई नहीं किया था। अब वह कोलंबिया की जगह प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। यह फैसला एफआईबीए के नियमों के अनुरूप लिया गया है, जिसके तहत किसी टीम के हटने की स्थिति में उसकी जगह योग्य और सर्वोच्च रैंक वाली उपलब्ध टीम को मौका दिया जाता है।
ओलंपिक क्वालिफायर में हिस्सा लेने वाली 16 टीमों में अफ्रीका की टॉप दो टीमें, अमेरिका और एशिया की टॉप चार-चार टीमें, और यूरोप की टॉप छह टीमें शामिल होंगी, जिसमें संबंधित क्षेत्र से प्री-क्वालिफाइंग टूर्नामेंट का विजेता शामिल नहीं होगा। 2026 वर्ल्ड कप विजेता और मेजबान अमेरिका, जिसे एफआईबीए सेंट्रल बोर्ड से मंजूरी मिलनी बाकी है। 2028 क्वालिफाइंग टूर्नामेंट की बाकी 10 सबसे अच्छी टीमों के साथ लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में मुकाबला करेगा। प्री-क्वालिफायर का ड्रॉ शुक्रवार को एफआईबीए हेडक्वार्टर में पैट्रिक बॉमन हाउस ऑफ बास्केटबॉल में होगा।
एफआईबीए विमेंस ओलंपिक प्री-क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले आठ देशों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम अपने ग्रुप में दूसरे विरोधियों के खिलाफ सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेगी। हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी, और उसके बाद के फाइनल की विजेता को एफआईबीए विमेंस ओलंपिक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट 2028 का टिकट मिलेगा।

