Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी का कार्यकाल भारत की वैश्विक यात्रा का स्वर्णिम और ऐतिहासिक...

पीएम मोदी का कार्यकाल भारत की वैश्विक यात्रा का स्वर्णिम और ऐतिहासिक अध्याय : स्वामी चिदानंद सरस्वती

0
6

ऋषिकेश, 9 जून (आईएएनएस)। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने 10 जून को पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि केवल समय की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास और समर्थन की देन है।

ऋषिकेश में आईएएनएस से बात करते हुए स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल का यह 12 साल का लंबा सफर भारत की वैश्विक यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है, जो यह कहता है कि अगर मोदी हैं, तो यह मुमकिन है। नया भारत उस यात्रा का प्रतीक है, जिसने भारत की क्षमता, संस्कृति, लोकतंत्र और नेतृत्व को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

उन्होंने आगे कहा कि चाहे सूर्य नमस्कार हो या चंद्र चमत्कार, हर जगह भारत पहुंचा है। आज पूरी दुनिया भारत को एक ऐसे देश के रूप में देख रही है, जो अपनी जड़ों से जुड़ा है अपनी विरासत पर गर्व करता है और भविष्य को दिशा देता है। भारत में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करते हुए प्रधानमंत्री बने रहने वाले नरेंद्र मोदी ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे, उनके जन-समर्थन और लोकतंत्र में उनके अटूट विश्वास की वजह से संभव हुई है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, विरासत संरक्षण, डिजिटल इनोवेशन, वैश्विक प्रतिष्ठा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए आयाम स्थापित किए हैं।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने नेहरू-इंदिरा गांधी के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि भारत ने नेहरू जी का दौर देखा, इंदिरा जी का नेतृत्व देखा, लेकिन आज भारत एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जब दुनिया भारत को सिर्फ एक देश के रूप में नहीं, बल्कि एक विजन, पहचान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए देख रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि एक चाय बेचने वाला, एक आम आदमी, जो खुद गरीबी झेल चुका था, उसने करोड़ों गरीबों के लिए घर बनवाए, शौचालय बनवाए, हर घर तक पानी पहुंचाया। उसने भारत का पूरा नक्शा ही बदल दिया। रूप बदला, रंग बदला, चाल बदली, सोचने का तरीका बदल गया। पीएम मोदी ने कभी हार नहीं मानी, कभी रुके नहीं। उनके नेतृत्व में भारत चिप से लेकर शिप तक, सुई से लेकर सी-प्लेन तक, विज्ञान से आध्यात्मिकता तक हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने सभी भारतीयों से अपील की कि हम अपना नजरिया बदलें और भारत को भारत के नजरिए से देखें। आइए, सबको साथ लेकर, सबको एकजुट करके, सबकी भलाई की कामना करते हुए आगे बढ़ें। अगर हम आगे बढ़ेंगे, तो भारत आगे बढ़ेगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज दुनिया भारत को सिर्फ देश के तौर पर नहीं, बल्कि नेतृत्व करने वाले देश के तौर पर देख रही है। भारत के पास ऐसा पीएम है, जो सभी के विकास के बारे में विजन रखता है।