नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा-बचत की अपील पर दिल्ली सरकार ने ‘मंडे मेट्रो’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत दिल्ली के तमाम अधिकारी मेट्रो से सफर करके कार्यालय पहुंच रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सरकार की इस पहल की जमकर प्रशंसा की है।
पश्चिमी दिल्ली जिले के अधिकारियों ने ‘मंडे मेट्रो’ अभियान के तहत सार्वजनिक परिवहन को अपनाया। डीएम हरि कलिकट ने एडीएम और एसडीएम के साथ मिलकर मेट्रो और ई-रिक्शा से ऑफिस तक का सफर तय किया, और नागरिकों को भी सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और ईंधन बचाने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार ने एक ‘मंडे मेट्रो’ अभियान शुरू किया है। सभी अधिकारी आज मेट्रो से ही कार्यालय पहुंचे हैं। मैं स्वयं मेट्रो के जरिए अपने दफ्तर पहुंचा हूं। पश्चिमी दिल्ली का लगभग पूरा स्टाफ आज मेट्रो के जरिए ही कार्यालय पहुंचा है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि सभी को ऊर्जा बचत के उपायों को अपनाना चाहिए, जिससे देश का भी भला होगा। प्रधानमंत्री मोदी की अपील को सभी लोगों को मानना चाहिए।”
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘मंडे मेट्रो’ पहल अच्छी है। इसी तरह हफ्ते में एक दिन ‘मंडे मेट्रो’ अभियान को चलाया जाना चाहिए। मैं सभी को यही संदेश देना चाहता हूं कि हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ होना चाहिए।
मेट्रो यात्रियों ने भी दिल्ली सरकार की ‘मंडे मेट्रो’ पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्तेमाल करने से ट्रैफिक, ईंधन की खपत और प्रदूषण कम हो सकता है।
एक मेट्रो यात्री ने कहा, “दिल्ली सरकार ने सही पहल शुरू की है। लोगों को मेट्रो से सफर करना चाहिए। अगर लोग कार से जाते हैं तो उन्हें कार पूल करना चाहिए। कार में अकेले चलने से सड़कों पर जाम की स्थिति भी बनती है। परेशानियों से बचने के लिए लोगों को कार पूल करनी चाहिए।”
एक अन्य यात्री ने कहा, “दिल्ली सरकार की पहल से यात्रियों के पैसों की बचत होगी और इससे प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। जितना भी हो सके लोगों को सार्वजनिक वाहनों में सफर करना चाहिए।”
एक और यात्री ने कहा, “सभी को मेट्रो से सफर करना चाहिए। सरकार ने ‘मंडे मेट्रो’ पहल शुरू की है, जो बहुत सही है।”

