मुंबई, 6 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में एमपीएससी (महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग) परीक्षा प्रक्रिया को लेकर प्रतियोगी परीक्षा के शिक्षकों और छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार सुबह मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगें रखीं।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार बेहद पारदर्शी प्रक्रिया विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इस प्रक्रिया को और मजबूत करने के लिए राज्य स्तर पर एक उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है। इस समिति की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव कर रहे हैं। इसमें पूर्व यूपीएससी सदस्य, पुलिस महानिदेशक, आईआईटी के प्रोफेसर और अन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके लिए सरकारी आदेश भी जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह समिति राज्यभर के सभी विभागों में जाकर छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा करेगी। समिति पुणे भी जाएगी। सीएम फडणवीस ने कहा कि एक तरफ ये प्रयास चल रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ कड़े कानून भी बनाए जा रहे हैं। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा में पेपर लीक की घटना का भी गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस द्वारा तेजी से जांच की जा रही है और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। आगे की जांच जारी है और चाहे आयोग के अंदर का कोई व्यक्ति हो या बाहर का, जो भी इस गड़बड़ी में शामिल पाया जाएगा, उसे कड़ी सजा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम ऐसे सुधार कर रहे हैं ताकि ईमानदारी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की मेहनत की कद्र हो। उनके साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सरकार छात्रों के मन में मौजूद शंकाओं को दूर करने और परीक्षा प्रणाली में भरोसे को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रश्न पत्र बनाने से लेकर पूरी परीक्षा प्रक्रिया तक में जरूरी सुधार सभी पक्षों को विश्वास में लेकर तुरंत लागू किए जाएंगे। इस मौके पर शिक्षक सचिन धवले, यशवंत सोलत, धनंजय मते, गणेश कड़, उमेश कुडाले और छात्र आंदोलन के कार्यकर्ता निखिल पाटिल समेत कई प्रतियोगी परीक्षा के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए दी गई।
