Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा पर अलख पांडे ने की पीएम मोदी...

मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा पर अलख पांडे ने की पीएम मोदी की प्रशंसा, बोले- ‘पहल के लिए सरकार को बिना शर्त समर्थन’

0
4

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा के बाद फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडे ने सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के हर बच्चे के लिए अच्छी शिक्षा मुफ्त होनी चाहिए।

अलख पांडे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मैं सभी जरूरतमंद छात्रों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग के प्रधानमंत्री की घोषणा की सराहना करता हूं। मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि दूर-दराज के कस्बों और गांवों तक अच्छी शिक्षा पहुंचाने का एकमात्र जरिया ऑनलाइन माध्यम ही है।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं इसे जमीनी स्तर पर होते हुए देखना चाहता हूं, क्योंकि इसे लागू करना ही सबसे जरूरी हिस्सा है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को टैग करते हुए फिजिक्सवाला के फाउंडर ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “मैं इस पहल के लिए सरकार को अपना बिना शर्त समर्थन देता हूं। इसके बदले मुझे कोई लाभ नहीं चाहिए। भारत के हर बच्चे के लिए अच्छी शिक्षा मुफ्त होनी चाहिए।”

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को लालकिले की प्राचीर से 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा की।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “कोचिंग क्‍लासिस की स्‍पर्धा हमारे मध्‍यम वर्गीय परिवारों के सामने एक बहुत बड़ा बोझ बन चुका है। हर मां-बाप को लग रहा है कि कोचिंग क्‍लास में बच्‍चे को नहीं भेजा, तो हम प्रतिष्‍ठित परिवार नहीं हैं। इन गरीब और मिडिल क्‍लास परिवारों की हम चिंता करते हुए हजारों-करोड़ रुपए का उनका खर्च है, वो भी बचे, बेटे भी अपने आसपास रह सके, उनकी देखभाल हो सके, परिवार पर आर्थिक बोझ न आए और इसलिए हमने युवाओं के लिए हमने विभिन्न परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग करने का निर्णय किया है।”

उन्होंने कहा कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर है, हमारे पास उत्तम टैलेंट है, टीचर्स हैं, उन संसाधनों को जोड़ करके हम देश के नौजवानों को फ्री कोचिंग देने का एक पूरा नेटवर्क हम खड़ा करने वाले हैं।