Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल मुझे लगता है मुझे काफी कम उम्र में बहुत कुछ झेलना पड़ा:...

मुझे लगता है मुझे काफी कम उम्र में बहुत कुछ झेलना पड़ा: मयंक यादव

0
4

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 7 विकेट से हराया। जिम्बाब्वे से मिले 126 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने आसानी से 13.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल किया। टीम की जीत में गेंद से अहम योगदान मयंक यादव ने दिया। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

लंबे समय बाद टीम में लौटे मयंक अपने प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए। हालांकि, मयंक ने कहा कि उन्हें लगता है कि उनको काफी कम उम्र में बहुत कुछ झेलना पड़ा है। मैच के दौरान मयंक ने कहा, “यह बहुत मुश्किल था, खासकर दो साल का गैप एक चुनौती थी, क्योंकि उम्र मेरे साथ नहीं थी। मैं सिर्फ 22-23 साल का था। मुझे लगा कि काफी कम उम्र में ही मुझे बहुत कुछ झेलना पड़ा। हालांकि, देश के लिए खेलने का मोटिवेशन हमेशा बना रहा। इसी वजह से मैं वापसी करना चाहता था और वैसा ही प्रदर्शन करना चाहता था जैसा पहले किया था।”

टीम के अन्य गेंदबाजों संग बातचीत को लेकर पूछे गए सवाल पर मयंक ने कहा, “हम पेस के बारे में ज्यादा बात नहीं करते, लेकिन हमारी बॉन्डिंग अच्छी है। इस मुकाबले में मैंने पहला ओवर डाला, इसके बाद मैंने प्रिंस और अशोक के साथ कुछ बातें शेयर कीं, जैसे कि मुझे कैसी मदद मिल रही थी और अटैक करने के लिए बेहतर विकल्प क्या थे। पहले छह ओवर के बाद हम बहुत अच्छी स्थिति में थे। इसलिए हमारी बातचीत इस बारे में थी कि हम उन पर और कितना दबाव बना सकते हैं और किस तरह की और गेंदें डाल सकते हैं।”

मयंक ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए ब्रायन बेनेट को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, डायोन मायर्स को उन्होंने 6 रनों के स्कोर पर आउट किया। दो विकेट चटकाने के साथ-साथ मयंक बेहद किफायती रहे और उन्होंने बेहतरीन लाइन एंड लेंथ पर गेंदबाजी की। मयंक को दूसरे छोर से प्रिंस यादव और अशोक शर्मा का भी अच्छा साथ मिला। प्रिंस ने 29 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। मयंक को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।