Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘मुझे शिकायत उनके सामान्य ज्ञान को लेकर है’, पंत के खराब शॉट...

‘मुझे शिकायत उनके सामान्य ज्ञान को लेकर है’, पंत के खराब शॉट सिलेक्शन पर भड़के मोहम्मद कैफ

0
8

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन ऋषभ पंत एक बार फिर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और खराब शॉट लेकर पवेलियन लौटे। भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने पंत के शॉट सिलेक्शन की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया है।

कैफ ने ‘सोनी स्पोर्ट्स’ के साथ बात करते हुए कहा, “ऋषभ पंत जिस तरह से आउट हुए, उससे मुझे कोई शिकायत नहीं है। वह ऐसे ही खेलते हैं, लेकिन शिकायत सामान्य ज्ञान की है। यह नई गेंद के साथ पहला ओवर था। उस ओवर में वह तीन बार क्रीज से बाहर निकले। सामान्य ज्ञान का मतलब है कट शॉट खेलना। पांच से छह ओवर तक नई गेंद देखना। यह टेस्ट मैच की परंपरा है। जो भी उनके जैसा खेलता है, वह भी सामान्य ज्ञान का इस्तेमाल करता है।”

पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, “मुझे हैरानी हुई कि वह ओवर की पहली गेंद पर ही क्रीज से बाहर निकल गए। आपको थोड़ा हिसाब लगाना पड़ता है। यहां तक कि अगर कोई बल्लेबाज 150 रन पर भी हो, तो नई गेंद आने पर वह कुछ बॉल खेलता है। मैं वहां कुछ प्वाइंट्स काट रहा हूं। वह लॉजिक और क्रिकेटिंग सेंस में बहुत पीछे रह गए।” पंत अच्छी लय में दिखाई दे रहे थे और वह 39 रनों पर पहुंच चुके थे।

हालांकि, श्रीलंका की ओर से डेब्यू कर रहे केशरा नुवानथा की गेंद पर पंत ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन उनका बल्ला घूम गया और गेंद सीधा फील्डर के हाथों में समां गई। पंत पवेलियन लौटते हुए खुद अपने शॉट से निराश दिखाई दिए। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है, जब पंत इस तरह से विकेट फेंककर आउट हुए हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने पहली पारी में 9 विकेट खोकर 460 रन बना दिए हैं। कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा एक रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।