SGSU Advertisement
Home राजनीति मुख्यमंत्री आवास का सच दिखाने से डरी भाजपा, समिति का दौरा रद्द:...

मुख्यमंत्री आवास का सच दिखाने से डरी भाजपा, समिति का दौरा रद्द: प्रियंका कक्कड़

0
2

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास में गोल्डन कमोड, बार और स्वीमिंग पूल दिखाने की चुनौती देने के बाद भाजपा ने लोक लेखा समिति का दौरा रद्द करा दिया। सोमवार दोपहर 3 बजे होने वाले दौरे के रद्द होने पर ‘आप’ की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सीएम आवास का सच दिखाने से डर गई। जब हमने शनिवार रात 11 बजे पीडब्ल्यूडी के ट्रक में मास्क लगाए सीएम आवास गए लोगों का मुद्दा उठाया तो भाजपा ने समिति का दौरा रद्द करा दिया। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में चेहरा छिपाए लोग सीएम आवास में किस मंशा से गए थे? भाजपा को बताना चाहिए। अगर समिति सीएम आवास जाती तो भाजपा के झूठे दावे का पर्दाफाश हो जाता।

सोमवार को ‘आप’ मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि भाजपा मतलब बहुत झूठा पार्टी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2019 में बकायदा एक मीटिंग करके अपने कार्यकर्ताओं को बताया था कि किस तरह झूठा प्रचार करना है और ऐसा ही अभियान इन्होंने दिल्ली में भी चलाया था। उन्होंने याद दिलाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर को लेकर भाजपा ने झूठा अभियान चलाया था, जबकि केजरीवाल वह 6, फ्लैगस्टाफ रोड वाला घर 4 अक्टूबर 2024 को ही छोड़ चुके थे। काम और गवर्नेंस के नाम पर भाजपा पूरी तरह अक्षम है और किसी भी राज्य का काम नहीं गिना सकती, इसलिए उन्होंने दिल्ली में ऐसा झूठा कैंपेन चलाया था।

इसके बाद प्रियंका कक्कड़ ने मीडिया को एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि भाजपा द्वारा किस तरह का झूठा प्रचार किया गया कि अरविंद केजरीवाल के घर में सोने की परत वाले कमोड और सिंक लगे हैं। भाजपा के नेता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि उनके घर में स्विमिंग पूल बने हुए हैं और वहां बड़ी-बड़ी मिनी बार हैं। हमने भाजपा से कहा कि यह झूठा प्रचार बंद कर दें और शिक्षा, अस्पताल या गवर्नेंस के मुद्दे पर बात कर लें। हमने पूछा कि भाजपा ने अपने 21-22 राज्यों में क्या काम किया है, उस पर चर्चा कर ले, लेकिन इनकी सारी राजनीति सिर्फ इसी झूठे कैंपेन तक सीमित रही।

प्रियंका कक्कड़ ने बताया कि 8 जनवरी 2025 को ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और तत्कालीन कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज मीडिया को साथ लेकर 6, फ्लैगस्टाफ रोड गए थे। हम चाहते थे कि मीडिया के जरिए पूरी दिल्ली और दुनिया देख पाए कि भाजपा किस प्रकार का झूठ फैलाती है। लेकिन भाजपा ने वहां पुलिस, बैरिकेडिंग और वाटर कैनन का पूरा बंदोबस्त लगा दिया ताकि कोई घर के अंदर न चला जाए, क्योंकि ऐसा होने पर उनकी सारी कैंपेनिंग फेल हो जाती और सब झूठ सामने आ जाता। जब ‘आप’ नेताओं ने वहां पूछा कि सोने का टॉयलेट, मिनी बार और स्विमिंग पूल कहां है, तो सिर्फ दो लोगों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल और वाटर कैनन लगा दिए गए जैसे कि वे कोई आतंकवादी हों।

प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि हमने कोशिश की कि भाजपा के झूठ का पर्दाफाश हो जाए, लेकिन उन्होंने ऐसा होने नहीं दिया क्योंकि उनकी राजनीति के मुद्दे टॉयलेट, स्विमिंग पूल और मिनी बार ही थे जो असल में वहां थे ही नहीं। पिछले हफ्ते भाजपा ने एक कमेटी बनाई कि उनका प्रतिनिधिमंडल 6, फ्लैगस्टाफ रोड जाएगा, जिसका हमने बहुत स्वागत किया कि आखिरकार भाजपा के झूठों का पर्दाफाश हो जाएगा।

प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि शनिवार, 12 सितंबर को रात 11 बजे के अंधेरे में पीडब्ल्यूडी का एक ट्रक और मास्क पहने हुए कुछ लोग 6, फ्लैगस्टाफ रोड के अंदर जाते हुए दिखे। भाजपा को जवाब देना चाहिए कि रात के अंधेरे में पीडब्ल्यूडी का वह ट्रक और मास्क पहने हुए वे लोग उस घर के अंदर क्या करने जा रहे थे और उनकी मंशा क्या थी?

प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि भाजपा ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया, बल्कि सच दिखाने के बजाय आज दोपहर 3 बजे की अपनी निर्धारित विजिट भी रद्द कर दी। भाजपा को लोगों को सच दिखाना चाहिए और साथ में यह भी दिखाना चाहिए कि उन्होंने 2 साल में लुटियंस दिल्ली में अपने केंद्रीय मंत्रियों के घरों के रिनोवेशन पर 600 करोड़ रुपए कैसे लगा दिए, ताकि इनकी गंदी राजनीति का पर्दाफाश हो सके।

प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि साल 2026 में भी भाजपा कनॉट प्लेस में टॉयलेट सीट रखकर झूठा प्रचार कर रही है क्योंकि गुजरात में 30 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद उनके पास दिखाने के लिए स्कूलों की कोई लिस्ट नहीं है। आज 2026 के भारत में हमें भाजपा के झूठों को समझना होगा और देश को शिक्षा, बिजली, पानी व सड़कों जैसे उन सही मुद्दों पर चर्चा की जरूरत है, जिन पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बात करते हैं।