मुंबई, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा मुंबई द्वारा बोरीवली स्थित नेशनल पार्क में भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मुंबईकरों के बीच साइक्लिंग की संस्कृति को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर भाजपा मुंबई अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम ने कहा कि आज पूरा विश्व ऊर्जा संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुंबई में मेट्रो जैसी हरित परिवहन व्यवस्था शुरू हो चुकी है और अब छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग प्रदूषण कम करने और ग्लोबल वार्मिंग के खतरे से मुकाबला करने का एक प्रभावी माध्यम बन सकती है। इस साइक्लोथॉन के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अमित साटम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 जून को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश की जनता का लगातार आशीर्वाद और समर्थन मिलता रहा है। जनता ने उनके नेतृत्व, कार्यशैली और विकास के प्रति समर्पण पर भरोसा जताते हुए बार-बार उन्हें देश की सेवा का अवसर दिया है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का समर्थन ही सबसे बड़ी ताकत होती है और प्रधानमंत्री मोदी को मिला व्यापक जनसमर्थन उनके कार्यों, नेतृत्व क्षमता तथा देश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल भी प्रधानमंत्री मोदी के नाम दर्ज होने जा रहा है।
वहीं, भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 से देश का नेतृत्व कर रहे हैं और 10 जून को वह लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने हमेशा गरीब कल्याण, राष्ट्रहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उपाध्याय ने आगे कहा कि कोरोना महामारी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी प्रधानमंत्री लगातार सक्रिय रहे और देश का नेतृत्व करते रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को कभी थकते या बीमार पड़ते नहीं देखा और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु की कामना की।

