रत्नागिरी/खेड़, 15 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हो गया। काशेड़ी टनल के आगे धामनदेवी गांव के पास हुए इस भूस्खलन के बाद गोवा से मुंबई जाने वाली लेन को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने मौके पर राहत और मलबा हटाने का अभियान तेज़ कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रायगढ़ जिले के पोलादपुर तालुका क्षेत्र में हुई। बुधवार सुबह अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर हाईवे पर आ गिरे, जिससे मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए यातायात व्यवस्था संभाली।
फिलहाल गोवा से मुंबई जाने वाली लेन बंद है, जबकि दूसरी लेन से दोनों दिशाओं का यातायात नियंत्रित तरीके से संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।
घटना की जानकारी मिलते ही महाड के सब-डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) और तहसीलदार ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को तत्काल मलबा हटाने और सड़क को जल्द से जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी मशीनों और अन्य भारी उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में मुंबई-गोवा हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग लगातार हाईवे की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है और परिस्थितियां सामान्य होते ही बंद लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। तब तक यात्रियों से धैर्य रखने और यात्रा से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है। कोई भी परेशानी होने पर पुलिस प्रशासन को सूचना दे और जानकारी लेने के बाद ही निकले।

