SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से...

मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की मुलाकात

0
4

मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने फ्लाईदुबई के विमान में गंभीर संकट के दौरान बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मुलाकात की। महापौर घाटकोपर पूर्व स्थित कैप्टन स्मित के चाचा किशोर मच्छार के निवास पर पहुंचीं और परिवार से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दौरान महापौर रितू तावड़े ने कैप्टन स्मित के इलाज और उनकी सेहत में हो रहे सुधार के बारे में परिवार से बातचीत की। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की। साथ ही परिवार को मुंबईकरों की ओर से हरसंभव समर्थन का भरोसा दिलाया।

मच्छार परिवार का निवास वार्ड नंबर 132 में आता है। रितू तावड़े नगरसेवक के तौर पर इसी वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। ऐसे में उन्होंने अपने वार्ड के इस बहादुर पायलट के परिवार से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर विधायक पराग शाह, नगरसेवक धर्मेश गिरी, नगरसेविका राखी जाधव समेत क्षेत्र के कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

दरअसल, कैप्टन स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के कैप्टन थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिसके बाद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।

कैप्टन मच्छार ने बाद में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत में उस खौफनाक घटना को याद किया। उन्होंने बताया कि सह पायलट ने प्रार्थना करने की बात कही थी। सम्मान के तौर पर वह सामने की ओर देख रहे थे, तभी कुछ मिनट बाद उनके सिर के पीछे अचानक जोरदार वार हुआ। शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या हुई है, लेकिन लगातार वार होने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उन पर हमला किया जा रहा है।

हमले के कारण उनकी नजर धुंधली हो गई थी और उन्हें महसूस हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने आखिरी कोशिश करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे बाहर मौजूद लोग अंदर पहुंच सके और हमलावर को काबू किया जा सका।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार के साहस की प्रशंसा करते हुए उन्हें भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का नायक बताया। उन्होंने कैप्टन मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के अगले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन मच्छार से बातचीत कर उनके साहस और दूसरों की जान बचाने के संकल्प की प्रशंसा की है। गंभीर चोटों के बाद कैप्टन मच्छार का इलाज चल रहा है और भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।