मुंबई: रोड रेज की घटना में युवक की हत्या, टैक्सी ड्राइवर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

0
5

मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के मलाड इलाके में शुक्रवार को रोड रेज की एक घटना में 25 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और टैक्सी चालक ने गुस्से में आकर युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान शारिक अंसारी के रूप में हुई है, जो मालवानी का निवासी था और मलाड पश्चिम स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग फर्म में काम करता था। वहीं, आरोपियों की पहचान सत्येंद्र गुप्ता (28) और सुनील पाल (27) के रूप में हुई है, जो कांदिवली पश्चिम के लालजीपाड़ा इलाके के रहने वाले हैं। बांगुर नगर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे मलाड पश्चिम में इनऑर्बिट मॉल के पास ओशिवारा मेट्रो स्टेशन के नीचे हुई। उस समय शारिक अंसारी अपनी बाइक से जा रहा था, जबकि उसके पीछे एक टैक्सी चल रही थी। दोनों वाहन मालवानी से लिंक रोड होते हुए अंधेरी की ओर जा रहे थे। बताया गया कि मिठ चौकी जंक्शन के पास गाड़ी चलाने को लेकर बाइक सवार और टैक्सी चालक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने अपनी-अपनी गाड़ियां रोक दीं और सड़क पर ही बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।

हाथापाई के दौरान टैक्सी चालक सत्येंद्र गुप्ता ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी से एक तेज धारदार वस्तु निकाली और शारिक अंसारी पर हमला कर दिया। यह वार अंसारी की छाती और गर्दन के पीछे के हिस्से में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बांगुर नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बांगुर नगर पुलिस ने एक बयान में कहा, “शनिवार सुबह मलाड पश्चिम में रोड रेज की घटना में एक 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतक बाइक चला रहा था और उसके पीछे टैक्सी थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद टैक्सी चालक ने गुस्से में आकर युवक पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।”