मुरैना के सुधार गृह से तीन बालिकाएं फरार, वार्डन से मारपीट का भी आरोप

0
5

मुरैना, 11 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बालिका सुधार गृह से मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तीन बालिकाएं फरार हो गईं। इन बालिकाओं ने वार्डन से मारपीट की और चाबी छुड़ाने में सफल रही थी। पुलिस फरार बालिकाओं की तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बड़ोखर स्थित पालिका सुधार गृह से मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को तीन बालिकाएं, जिनमें दो नाबालिग हैं और एक बालिग है, उन्होंने वार्डन शशि के साथ मारपीट की और चाबी छीन ली। उसके बाद यह तीनों बालिकाएं फरार हो गई।

बालिका सुधार गृह में तैनात शशि ने बताया कि तीन लड़कियों में से एक ने उसका गला दबाया। इतना ही नहीं अन्य बालिकाओं ने उसके हाथ में कटा भी साथ ही मारपीट की। इसके बाद उससे चाबी छीन ली। दो बालिकाएं उसे पकड़े रहीं, जबकि तीसरी बालिका ने ताला खोला और तीनों फरार हो गई।

वहीं इन बालिकाओं ने एक अन्य कर्मचारी को जोर जबरदस्ती से एक कमरे में बंद कर दिया था। यह कर्मचारी मुख्य द्वार पर ताला लगाने के बाद वही सो रहा था।

स्टेशन रोड थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुधार गृह सहित अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला जा रहा है। कहा जा रहा है कि सुधार गृह के कुछ कैमरे खराब भी पाए गए हैं।

पुलिस फिलहाल तीनों फरार हुई बालिकाओं की तलाश में जुटी है। पुलिस और सुधार गृह के अधिकारी इस बात की आशंका जता रहे हैं कि पिछले दिनों एक बालिग यहां आई थी और उसी ने ही दो नाबालिग बालिकाओं को अपने साथ में मिलाकर इस वारदात को अंजाम दिया है।