SGSU Advertisement
Home मनोरंजन मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर, रजा...

मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर, रजा मुराद बोले-हमने हीरा खो दिया

0
4

मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। मनोरंजन जगत के जाने-माने अभिनेता और कमीडियन मुश्ताक खान का गुरुवार को 56 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही हिंदी सिनेमा के कई सेलेब्स ने अभिनेता को याद किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।

दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने इंस्टाग्राम पर अपने प्रिय मित्र और अभिनेता मुश्ताक खान के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “हमने एक दोस्त, हीरा, वर्सेटाइल एक्टर और अच्छा इंसान खो दिया है, जिसकी रेंज बहुत ज्यादा थी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

अभिनेत्री आशिका भाटिया ने मुश्ताक खान के साथ निभाए गए सीन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “आपकी आत्मा को शांति मिले सर।”

अभिनेता सनी देओल ने दुख जाहिर करते हुए लिखा, “मुश्ताक खान के बारे में सुनकर दुख हुआ। वह एक अच्छे इंसान और बेहतरीन एक्टर थे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। इस मुश्किल घड़ी में उन्हें हिम्मत मिले।”

एक्टर राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर मुश्ताक खान की तस्वीर शेयर कर अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने लिखा, “गुरुवार दोपहर में मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया, उनसे बातें की, उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ भी मिलाया और हमारी सारी बातें वह सुन रहे थे और रिएक्ट भी कर रहे थे। मुझे तो अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि दो घंटे पहले मैं जिनसे मिला, जिनसे हाथ मिलाया, वो अब हमारे बीच नहीं है। ऊपर वाले के फैसलों के आगे हम सब नतमस्तक हैं। मुश्ताक भाई हमेशा एक लोकप्रिय इंसान और अभिनेता थे और रहेंगे। आपको बड़े दुखी हृदय के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

डायरेक्टर अनिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर अभिनेता के प्रति अपनी भावनाएं शेयर करते हुए लिखा, “हमने कितने पल साथ बिताए, कितनी फिल्में साथ कीं। मुश्ताक भाई हमें इतनी जल्दी छोड़कर चले गए, यह सुनकर काफी दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह बहुत बड़ा दुख सहने की ताकत दे।”

एक्टर संजय मिश्रा ने अभिनेता के लिए लिखा, “मुश्ताक भाई, हमने हमेशा आपकी उंगली पकड़ी है और आपसे बहुत कुछ सीखा है और आज आप हमें छोड़कर चले गए हैं। चलो फिर मिलते हैं उस दुनिया में, जहां आप शांति और खुशी से रहें।”

सुनील लहरी ने मुश्ताक खान की तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर शेयर कर लिखा, “मुश्ताक मुंबई के मेरे सबसे पुराने जानने वाले दोस्तों में से एक थे और उनके अचानक निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा। वे एक महान इंसान थे, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।”

अभिनेत्री पूनम ढिल्लो और अभिनेता अली गोनी ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपना दुख जाहिर किया।