नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई मुख्यमंत्रियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सह-अस्तित्व और शिवत्व का संदेश देने वाले पावन पर्व ‘नाग पंचमी’ की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज के इस पुण्य अवसर पर भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि उनकी कृपा से प्रत्येक घर-आंगन आनंद, शांति और खुशहाली से आलोकित रहे।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “समस्त प्रदेशवासियों को नाग पंचमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पावन पर्व हमारी सनातन संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। नाग देवता की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो, यही कामना है।”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “नाग पंचमी के पावन अवसर पर भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव को कोटि-कोटि प्रणाम। श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन में मुख्य शिखर पर विराजमान भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव के दिव्य कपाट खुल गए हैं। वर्ष में सिर्फ एक बार होने वाले प्रभु के दुर्लभ दर्शन का सौभाग्य आज श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रहा है। नागचंद्रेश्वर भगवान से प्रार्थना है कि उनकी कृपा सभी पर सदैव बनी रहे। सबके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और मंगल का वास हो।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “सभी देशवासियों को नाग पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं। श्रावण मास में भगवान शिव के प्रिय नागदेव की आराधना का पावन पर्व नाग पंचमी हमें प्रकृति, आस्था और संतुलन का संदेश देता है।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा, “समस्त प्रदेशवासियों को नाग पंचमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं!” उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा कि देवाधिदेव महादेव को समर्पित पावन श्रावण मास के तृतीय सोमवार की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पावन पर्व ‘नाग पंचमी’ की प्रदेश के परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। नाग पंचमी एवं श्रावण के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि वे आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें।”

