Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति नालंदा की ‘बावन बूटी’ कला को जीआई टैग मिलने पर मंत्री श्रवण...

नालंदा की ‘बावन बूटी’ कला को जीआई टैग मिलने पर मंत्री श्रवण कुमार ने जताई खुशी, पाटिलपुत्र में छात्रों के हंगामे पर बयानबाजी तेज

0
5

पटना, 14 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने बावन बूटी कला वाली साड़ियों को जीआई टैग मिलने पर खुशी जताई और नालंदा के क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं भी दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर बिहार पुलिस परीक्षा के अभ्यर्थियों के हंगामे को लेकर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने तोड़फोड़ के लिए असामाजिक तत्वों को जिम्मेदार ठहराया, वहीं जेडीयू ने विपक्ष पर छात्रों को भड़काने का आरोप लगाया।

आईएएनएस से बातचीत में बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आजकल बिहार को हर क्षेत्र में ख्याति मिल रही है। बात अगर नालंदा की करें तो उसका बहुत पुराना इतिहास है। सिर्फ ज्ञान के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनकरों द्वारा हस्तकरघा के जरिए अपने हुनर से बावन बूटी कला वाली साड़ियों का निर्माण लंबे समय से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब तब से हो रहा है, जब देश में आधुनिक तकनीक नहीं आई थी।

मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि हाल ही में जब राष्ट्रपति महोदया आई थीं तो उन्होंने उन्हें यही साड़ी उपहार में दी थी। उन्होंने कहा कि इस साड़ी को राष्ट्रपति महोदया को भेंट करना शुभ रहा, क्योंकि इसे जीआई टैग मिल गया है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस साड़ी की मांग बढ़ेगी और लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे रोजगार की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बुनकर भाइयों को शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों के हंगामे को लेकर उन्होंने कहा कि विद्यार्थी तोड़फोड़ नहीं करते, बल्कि असामाजिक तत्व ही ऐसे मामलों में शामिल होते हैं। सरकार इस मामले की जांच कराएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को साधन और सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिस पर सरकार काम करेगी। साथ ही छात्रों को अपनी समस्याएं खुलकर सरकार के सामने रखनी चाहिए।

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “मुझे लगता है कि छात्रों को विपक्ष के उकसावे का शिकार नहीं होना चाहिए। उन्हें संयम बरतना चाहिए। वे भारत का भविष्य हैं और उन्हें शांत व अनुशासित रहना चाहिए। हाल के दिनों में पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देने के बजाय छात्र बार-बार ऐसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। यह उनके भविष्य के लिए अच्छा नहीं है।”

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि छात्रों की उम्मीदें खत्म होती जा रही हैं। ट्रेन जनता की है और जनता के पैसों से चलती है, इसलिए उसकी तोड़फोड़ नहीं की जानी चाहिए। लेकिन जब लोगों के भीतर आक्रोश होता है तो वे कहीं न कहीं अपना गुस्सा जाहिर कर देते हैं। सरकार को यह सोचना चाहिए कि आखिर उनकी समस्या क्या है। उन्होंने कहा कि बच्चे, जवान, किसान, महिलाएं और आम आदमी इस देश में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

बता दें कि पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर बिहार पुलिस परीक्षा के उम्मीदवारों की भारी भीड़ अपर्याप्त ट्रेन सेवाओं को लेकर हिंसक हो गई। तोड़फोड़, पत्थरबाजी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का सिलसिला घंटों तक जारी रहा, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।