नाशिक, 8 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नाशिक जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.3 तीव्रता दर्ज की गई।
एनसीएस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, यह भूकंप 8 अगस्त की रात 10 बजकर 59 सेकंड पर आया। भूकंप का केंद्र 20.424 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.682 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
भूकंप की गहराई जमीन के अंदर 5 किलोमीटर दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र नाशिक जिले में होने के कारण आसपास के कुछ इलाकों में भी इसके झटके महसूस किए गए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भूकंप के झटकों से कुछ स्थानों पर लोगों में हल्की दहशत का माहौल देखा गया और लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
इसके साथ ही आज ही दोपहर 02.06 बजे मध्य प्रदेश के सिंगरौली में भी भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 थी। कहीं भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली।
इससे पहले नासिक में 6 अगस्त को तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 6 अगस्त को 2 बजकर 56 मिनट पर 2.8 तीव्रता, 3 बजकर 38 मिनट पर 3.6 की तीव्रता और 5 बजकर 54 मिनट पर 2.5 की तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
वहीं, दक्षिण-पश्चिमी जापान के कुमामोटो प्रांत में 28 जुलाई को आए शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। सरकार ने शनिवार को बताया कि 6,500 से अधिक लोग अब भी राहत और निकासी केंद्रों में रह रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, 39 मृतकों में से 36 की मौत सीधे 7.1 तीव्रता वाले भूकंप के कारण हुई। एक अन्य व्यक्ति की मौत, कथित तौर पर लू लगने से हुई, जिसे आपदा से जुड़ा माना जा रहा है। वहीं, दो अन्य लोगों की मौत के कारणों और उनके भूकंप से संभावित संबंध की जांच की जा रही है।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, भूकंप के कारण कुमामोटो प्रांत में अब तक 205 लोग हताहत हुए हैं, जिनमें 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
भूकंप के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में जापान के भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर अधिकतम 7 तीव्रता दर्ज की गई। यह पैमाने का सबसे ऊंचा स्तर है।

