नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। ओएनजीसी पेट्रो एडिशन एलटीडी (ओपीएएल) ने व्यापार/क्षेत्र के अनुसार अप्रेंटिस के अलग-अलग कुल 80 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इन पदों में एओसीपी के 18, फिटर के 8, इलेक्ट्रीशियन के 8, आईएमसीपी के 6, एचआर एग्जीक्यूटिव के 5, आईटी एग्जीक्यूटिव के 4, एग्जीक्यूटिव एचआर के 5 और अकाउंट एक्जिक्यूटिव के 26 पद शामिल हैं।
ओपीएएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार आईटी, बीकॉम, या बीबीए में ग्रेजुएशन की डिग्री या एओसीपी, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, या आईएमसीपी में व्यापार प्रमाणपत्र होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 15 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह 10,560 से 12,300 रुपए के बीच स्टाइपेंड दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनएटीएस या एनएपीएस की आधिकारिक पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद अनुसार रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

