नवी मुंबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। नवी मुंबई के तुर्भे एमआईडीसी इलाके में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साधना एंटरप्राइज नामक कंपनी पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने कंपनी परिसर से कुल 4,942 कार्टन माल जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 75 लाख 21 हजार रुपए बताई जा रही है।
जांच के दौरान करीब 30 हजार रुपए कीमत का ऐसा माल भी पाया गया, जिस पर जरूरी लेबल मौजूद नहीं थे या जिसकी एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य विभाग की तरफ से साधना एंटरप्राइज के मालिक और उनके पार्टनर्स के खिलाफ तुर्भे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया गया है और उनका लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।
बता दें कि खाद्य विभाग की तरफ से साधना एंटरप्राइज कंपनी में छापेमारी की गई तब वहां पर बड़े पैमाने पर खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग में छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया। कंपनी में बड़े पैमाने पर वस्तुओं की रिपैकिंग और लेबलिंग की जा रही थी, जिनमें मूल डेट ऑफ मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदलकर नई डेट्स डाली जा रही थीं। पैक में मौजूद इंग्रेडिएंट्स की जानकारी के साथ छेड़छाड़ की जा रही थीं। कंपनी पर आरोप है कि इस तरह से पैकेजिंग में छेड़छाड़ करने के बाद वे दोबारा वस्तुओं की सप्लाई करते थे, जिसमें आलू चिप्स, कॉर्न स्नैक्स, कुरकुरे, इंस्टेंट नूडल्स, रेडी टू ईट पनीर टिक्का, दम आलू, रसोई पनीर भुर्जी, रसोई दाल मखनी, म्योनीज, एवं थम्सअप और लिंक जैसे कोल्ड्रिंक्स मिले हैं।
खाद्य विभाग ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ छेड़छाड़ करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की तरफ से नागरिकों के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए सभी नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है, इसलिए लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हुए पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का समाना करना पड़ेगा। खाद्य विभाग ने नागरिकों से इस तरह की लापरवाही और लोगों के स्वास्थ्य के साथ छेड़छाड़ करने वाले लोगों की शिकायत करने की अपील की है।
