Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नवादा में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का निरीक्षण, छात्राओं को किया जागरुक

नवादा में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का निरीक्षण, छात्राओं को किया जागरुक

0
21

नवादा, 2 मई (आईएएनएस)। नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय नवादा में चल रहे एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग की ओर से किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने टीकाकरण केंद्र की सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि टीकाकरण कार्य पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से किया जाए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपस्थित छात्राओं से बातचीत भी की और उन्हें एचपीवी वायरस के संक्रमण और इससे होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण के कारण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है लेकिन समय पर टीकाकरण से इससे पूरी तरह बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष की आयु की सभी छात्राओं को यह टीका अवश्य लगवाना चाहिए, क्योंकि यह एक सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।

जिला पदाधिकारी ने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में जागरुकता बढ़ाना और बच्चों को सुरक्षित भविष्य देना है।

उन्होंने विद्यालय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि टीकाकरण को लेकर अधिक से अधिक जागरूकता फैलाई जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्रा इससे वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जब तक लोग इस बीमारी और इसके बचाव के बारे में पूरी तरह जागरूक नहीं होंगे, तब तक प्रयास अधूरे रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, प्रखंड स्तर के चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।