Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति नई पीढ़ी को विभाजन की विभीषिका बताना जरूरी, राष्ट्र प्रथम की भावना...

नई पीढ़ी को विभाजन की विभीषिका बताना जरूरी, राष्ट्र प्रथम की भावना जरूरी: मदन राठौर

0
3

जयपुर, 14 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान में सियासी सरगर्मियों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, पूर्व मेयर सौम्या गुर्जर और विधायक बालमुकुंद आचार्य ने अलग-अलग मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। मदन राठौर ने विभाजन विभीषिका की याद दिलाते हुए नई पीढ़ी को देश के बंटवारे के परिणामों से अवगत कराने की जरूरत बताई। वहीं, पूर्व मेयर सौम्या गुर्जर ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत का भरोसा जताया। वहीं, झोटवाड़ा में पेटीज खाने के बाद 12वीं कक्षा के छात्र की मौत के मामले में विधायक बालमुकुंद ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही, राहुल गांधी की हालिया टिप्पणियों को लेकर भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के संदर्भ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने कहा कि देश के विभाजन के परिणामों के बारे में आज की नई पीढ़ी को जानकारी होना जरूरी है। उस समय की घटनाओं को जिन लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और झेला, उनके अनुभव अलग हैं, लेकिन नई पीढ़ी के लिए इतिहास को जानना इसलिए जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो। नई पीढ़ी को देश के विभाजन से जुड़े घटनाक्रमों की जानकारी देकर जागरूक किया जाना चाहिए। देश के नागरिकों में राष्ट्र प्रथम की भावना मजबूत होगी, तो भविष्य में ऐसी परिस्थितियों को रोकने में मदद मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नेशन फर्स्ट की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की जरूरत है। विभाजन जैसी त्रासदी से सीख लेकर समाज को राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति सजग रहना चाहिए।

स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पूर्व मेयर सौम्या गुर्जर ने भाजपा की नीतियों और पिछले कार्यकाल के कामकाज के आधार पर पार्टी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति और नीति ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना पर आधारित है और पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश करती है। जयपुर ग्रेटर नगर निगम में पिछला बोर्ड भी भाजपा का रहा है और इसी आधार पर उन्हें आगामी चुनाव में भी पार्टी की जीत का भरोसा है। उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ जयपुर तक ही नहीं, पूरे राजस्थान के शहरी निकायों में भी भाजपा की जीत होगी।

झोटवाड़ा में पेटीज खाने के बाद 12वीं कक्षा के छात्र की मौत के मामले को विधायक बालमुकुंद ने बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने मृतक छात्र के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पूरी जांच की जाएगी।

बालमुकुंद ने कहा कि जैसे ही प्रशासन को घटना की जानकारी मिली, संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गईं। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि छात्र की मौत किस वजह से हुई। स्कूल की ओर से बताया गया है कि कैंटीन की पेटीज कई छात्रों ने खाई थी, लेकिन अन्य छात्रों की तबीयत खराब नहीं हुई। ऐसे में मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। मामले में पुलिस और मेडिकल टीम जांच कर रही है। घटनास्थल के कैमरों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। जांच में यदि कैंटीन, स्कूल प्रशासन या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बालमुकुंद ने कहा कि मृतक छात्र होनहार था और पढ़ाई में भी अच्छा बताया जा रहा था। बच्चे की असमय मौत से परिवार को जो पीड़ा हुई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन जांच के जरिए यह पता लगाना जरूरी है कि आखिर उसकी मौत का कारण क्या रहा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर विधायक बालमुकुंद ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों को लगातार निशाना बनाने का आरोप लगाया। बालमुकुंद ने कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं की ओर से संघ और उससे जुड़े संगठनों पर लगातार बयान दिए जाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राष्ट्रहित में काम करने वाले संगठनों को निशाना बनाया और इसी वजह से पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी क्या कह रहे हैं, इस पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनके मुताबिक देश की जनता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम और नेतृत्व पर ध्यान दे रही है। विधायक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी पहचान मजबूत की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रधानमंत्री की मौजूदगी से देश के नागरिकों का गौरव बढ़ता है।

बालमुकुंद ने राहुल गांधी पर देश, प्रधानमंत्री, संतों और सनातन परंपरा को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी पार्टी और देश की जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी के बयानों और राजनीतिक दिशा पर ध्यान देता तो शायद पार्टी के लिए स्थिति बेहतर हो सकती थी।