Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एनसीआर में मानसून की आहट, अगले छह दिनों तक गरज-चमक और हल्की...

एनसीआर में मानसून की आहट, अगले छह दिनों तक गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार

0
5

नोएडा, 27 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून की दस्तक अब साफ तौर पर महसूस होने लगी है। आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही और सूरज की लुकाछिपी का दौर जारी रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में एनसीआर के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले हल्की बारिश, गरज-चमक और मानसूनी हवाओं का प्रभाव देखने को मिलेगा। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी दिन के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 28 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और गरज-चमक विकसित होने की संभावना व्यक्त की गई है।

29 जून को मौसम फिर से बदलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 30 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

1 जुलाई को तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहीं, 2 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बीच-बीच में धूप निकलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश के दौरान बिजली चमकने और तेज हवाओं के समय लोगों को खुले स्थानों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।