SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एनसीआर में सितंबर से फिर जोर पकड़ सकता है मानसून, फिलहाल बढ़ेगा...

एनसीआर में सितंबर से फिर जोर पकड़ सकता है मानसून, फिलहाल बढ़ेगा तापमान और उमस; आनंद विहार का एक्यूआई रेड जोन में

0
4

नोएडा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। मानसून की गतिविधियों में फिलहाल थोड़ी कमी आने के बावजूद सितंबर की शुरुआत में एनसीआर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अगस्त से 1 सितंबर के बीच दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

हालांकि, कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने से वातावरण में उमस बढ़ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 28 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा।

मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा और भारी बारिश की संभावना नहीं है। 29 अगस्त को तापमान और बढ़कर अधिकतम 36 तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। 30 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 31 अगस्त और 1 सितंबर को अधिकतम तापमान 35 तथा न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दोनों दिनों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का पूर्वानुमान है। एनसीआर में बारिश की गतिविधियां कम होते ही वायु गुणवत्ता में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। दिल्ली के आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 329 दर्ज किया गया, जो रेड जोन में है।

वहीं अशोक विहार का एक्यूआई 124, आया नगर का 93, बवाना का 207, बुराड़ी क्रॉसिंग का 102, दिल्ली कैंट का 34, चांदनी चौक का 133, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 98 और सीआरआरआई मथुरा रोड का 103 दर्ज किया गया। दिल्ली के आंकड़ों में सबसे खराब स्थिति आनंद विहार की रही, जहां एक्यूआई 329 तक पहुंच गया। इसके बाद बवाना में 207 और चांदनी चौक में 133 दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली कैंट का एक्यूआई 34 रहा, जो इन स्टेशनों में सबसे कम है। नोएडा के मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी एक्यूआई में अंतर देखने को मिला। सेक्टर-125 नोएडा में एक्यूआई 156, सेक्टर-62 में 93 और सेक्टर-116 में 170 दर्ज किया गया। यानी सेक्टर-116 की हवा सबसे खराब स्थिति में रही, जबकि सेक्टर-62 का स्तर तुलनात्मक रूप से बेहतर रहा।

गाजियाबाद के आंकड़ों में गोविंदपुरम का एक्यूआई 64, इंदिरापुरम का 113, लोनी का 161, संजय नगर का 84, वसुंधरा का 124, और वेद विहार-लोनी का 103 दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल बारिश में कमी आने और धूप बढ़ने से तापमान के साथ उमस बढ़ सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में मौसम गर्म और चिपचिपा महसूस हो सकता है। हालांकि, सितंबर की शुरुआत में मानसून की गतिविधियां दोबारा तेज होने पर एनसीआर में बारिश का दौर फिर जोर पकड़ सकता है।