Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति एनडीए ने बिहार बजट से लोगों को धोखा दिया: अख्तरुल ईमान

एनडीए ने बिहार बजट से लोगों को धोखा दिया: अख्तरुल ईमान

0
30

पटना, 3 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। बिहार की डबल इंजन सरकार का दावा है कि इस बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है और यह बजट विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करेगा। हालांकि, विपक्ष ने इस बजट पर निराशा जताई है।

एआईएमआईएम विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि इस सरकार ने एक बार फिर बजट के माध्यम से लोगों को धोखा देने का काम किया है। पटना में विधायक अख्तरुल ईमान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बिहार की जनता को इस बजट से उम्मीद थी, लेकिन सिर्फ धोखा ही मिला है, क्योंकि इस बजट में किसानों के लिए कुछ भी नहीं है। पलायन को रोकने के लिए कोई सुझाव नहीं है। सरकार युवाओं को रोजगार देने के दावे कर रही है जो इस बजट में दिखाई नहीं देते हैं। मुझे नहीं लगता है कि सरकार युवाओं को रोजगार दे पाएगी। बिहार की जनता पर एक बार फिर से महंगाई की मार पड़ने वाली है। बिहार की जनता बेबस होकर फिर से पलायन का रास्ता अपनाएगी।

सीपीआई (एमएल) विधायक अजय कुमार ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह बजट कोई खास बदलाव लाएगा। केंद्र में भाजपा की है और राज्य में भी उसी पार्टी की सरकार है। केंद्र सरकार ने मनरेगा को खत्म कर दिया है, इसके बेसिक स्ट्रक्चर को खत्म कर दिया है और मजदूरों से उनके अधिकार छीन लिए हैं। सरकार की राजनीतिक प्रतिबद्धता युवा, किसान, रोजगार के लिए नहीं है।

कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद ने कहा कि हमें एक बहुत बड़ा बजट डॉक्यूमेंट मिला है। पहले हम इसे ठीक से पढ़ेंगे। इसे पढ़ने के बाद, हम आपको बताएंगे कि बजट में क्या-क्या शामिल है।

सीपीआई (एमएल) विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि असेंबली के अंदर सरकार के रवैये और पेश किए गए बजट पर हम चर्चा करेंगे। बजट में जो दिख रहा है, वह पूरी तरह खोखला है। जनता को जो उम्मीदें थीं, वे इस बजट में कहीं भी नजर नहीं आतीं, इसलिए इस मुद्दे पर विरोध और संघर्ष होगा। हम इसे उठाएंगे और असेंबली के अंदर इस पर चर्चा करेंगे। उसी के हिसाब से हम सब मिलकर बैठेंगे और सही समय पर एक रणनीति बनाएंगे, इसीलिए यह मीटिंग बुलाई गई है।

बता दें कि बिहार बजट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन विधानमंडल दल की बैठक हुई, जिसमें राजद, कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआई (एमएल) के विधायक शामिल हुए।