SGSU Advertisement
Home राजनीति एनडीए नेता बोले-पीएम मोदी ने एससीओ समिट में पाकिस्तान के दोहरे चेहरे...

एनडीए नेता बोले-पीएम मोदी ने एससीओ समिट में पाकिस्तान के दोहरे चेहरे वाले आतंकवाद को किया बेनकाब

0
3

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट की एडिट की गई फोटो पोस्ट की थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी को हटा दिया था। पाकिस्तान की इस हरकत पर एनडीए नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। वहीं, सपा नेताओं ने फोटो एडिट करने की घटना को शर्मनाक बताया।

विजयवाड़ा में भाजपा नेशनल काउंसिल की सदस्य यामिनी शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ समिट में एक बार फिर पाकिस्तान के दोहरे चेहरे वाले आतंकवाद को बेनकाब किया है। शहबाज शरीफ के सामने पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर कड़ा हमला किया और दुनिया से उन देशों का सामना करने को कहा जो आतंकवाद को सरकारी नीति के हथियार के तौर पर इस्तेमाल करते हैं, साथ ही उन ग्लोबल नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा जो आतंकवादियों को पनाह देते हैं, फंड देते हैं और भर्ती करते हैं। आतंकवाद के प्रति भारत के जीरो-टॉलरेंस रवैये से घबराकर, पाकिस्तान ने अपने पीएमओ की तरफ से जारी एससीओ ग्रुप की आधिकारिक तस्वीर से पीएम मोदी को ही हटा दिया। यह एक और उदाहरण है जिससे भारत ने पाकिस्तान के पाखंड और दोहरे मापदंडों को बेनकाब किया है और यह साफ कर दिया है कि भारत आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस की नीति रखता है।”

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा, “पूरी दुनिया यूं ही पीएम मोदी की लीडरशिप का सम्मान और उसे स्वीकार नहीं करती, उनके पास बहुत दूरदर्शी सोच है। यह हमारा दुर्भाग्य है कि रोटेशन सिस्टम के तहत इस बार शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की अध्यक्षता पाकिस्तान को मिली। हमें लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत कड़ा संदेश दिया कि जो भी देश आतंकवाद को पनाह देता है और सीमा-पार आतंकवाद को बढ़ावा देता है, पूरी दुनिया को उसके खिलाफ एकजुट होना चाहिए। उन्होंने इस पर कड़ा संदेश दिया।”

एससीओ में आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख पर आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, “यह एक तय रुख रहा है। यह इसलिए अहम है, क्योंकि पिछले 30-40 सालों से भारत में जो भी प्रधानमंत्री रहा है, हमने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मंचों पर ये बातें रखी हैं।”

जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा, “हाल ही में हुई एससीओ की बैठक में भारत ने शुरू से ही अपना रुख साफ रखा है। हमारी सेना की बहादुरी और लोगों के संकल्प ने यह साबित कर दिया है कि पाकिस्तान-समर्थित आतंकवाद को खत्म किया जा सकता है। अगर आप प्रधानमंत्री की तस्वीर हटा भी दें, तो क्या फर्क पड़ेगा? हमने दुनिया को यह मानने पर मजबूर कर दिया है कि पाकिस्तान-समर्थित आतंकवाद पूरी इंसानियत के लिए एक अभिशाप है।”

पाकिस्तान पीएमओ द्वारा एससीओ बैठक की एडिट की गई तस्वीर शेयर करने पर समाजवादी पार्टी के नेता एस. टी. हसन ने कहा, “यह बहुत ही घटिया और शर्मनाक हरकत है। पाकिस्तान को इतनी गिरी हुई हरकत नहीं करनी चाहिए। हमारा देश हर मामले में पाकिस्तान से बहुत आगे है। उसका काम सिर्फ आतंकवाद फैलाना है और उसने ऐसा करके खुद का ही नुकसान किया है। वे आतंकवाद पर हमारे प्रधानमंत्री की बातों का जवाब नहीं दे पाए और चुप रहे। जब उनके पास कोई जवाब नहीं था, तो हताशा में उन्होंने तस्वीर को एडिट कर दिया। ऐसी हरकतों का कोई फायदा नहीं होता और इससे वे सिर्फ शर्मिंदा ही दिखते हैं।”