Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय फाइटर पायलट बनीं मीनाक्षी तक्षक, गांव में भव्य सम्मान, पूरे परिवार ने...

फाइटर पायलट बनीं मीनाक्षी तक्षक, गांव में भव्य सम्मान, पूरे परिवार ने बढ़ाया देश का मान

0
4

चरखी दादरी, 14 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के भगवी गांव की बेटी फ्लाइंग ऑफिसर मीनाक्षी तक्षक ने भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट बनकर इतिहास रच दिया है।

एनडीए के माध्यम से चयनित होकर इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने वाली मीनाक्षी का उनके पैतृक गांव में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। उनकी सफलता से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।

मीनाक्षी की इस उपलब्धि के पीछे उनके मजबूत सैन्य पारिवारिक पृष्ठभूमि को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है। उनके पिता सूबेदार मेजर रविंद्र तक्षक भारतीय सेना से जुड़े रहे, जबकि उनके भाई भी सशस्त्र बलों में सेवा दे रहे हैं।

इस अवसर पर सूबेदार मेजर रविंद्र तक्षक ने कहा, “मेरी बेटी ने अपनी मेहनत और भगवान की कृपा से यह उपलब्धि हासिल की है। आज का दिन मेरे लिए बेहद खुशी का दिन है। मैं खुद आर्मी में हूं, इसलिए मेरे बच्चों को शुरू से ही सेना के वातावरण और अनुशासन की जानकारी रही है। मेरा दूसरा बेटा भी सेना में कैप्टन है और इंजीनियर रेजीमेंट में कार्यरत है। उसे भी एनडीए के माध्यम से ही प्रवेश मिला था।”

गांव के एक स्थानीय निवासी ने भी मीनाक्षी की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने कहा, “हमारे गांव की बेटी मीनाक्षी ने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर फाइटर पायलट बनने का सपना पूरा किया। इस उपलब्धि से पूरा गांव खुश है। हम मीनाक्षी को बधाई देते हैं कि उन्होंने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले उनके भाई ने भी सफलता प्राप्त की थी। लगभग पूरा परिवार ही सेना से जुड़ा हुआ है। दोनों बच्चों ने गांव के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है।”

मीनाक्षी तक्षक की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।