Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नीट पेपर लीक केस: मुख्य आरोपी शिवराज मोटेगांवकर का ‘शीश महल’ चर्चा...

नीट पेपर लीक केस: मुख्य आरोपी शिवराज मोटेगांवकर का ‘शीश महल’ चर्चा में

0
5

लातूर, 23 मई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे महाराष्ट्र के लातूर में करोड़ों की संपत्ति के खुलासे हो रहे हैं। इसी कड़ी में आरसीसी क्लासेस से जुड़े शिवराज मोटेगांवकर का लग्जरी बंगला अब जांच एजेंसियों और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, लातूर के पॉश और वीआईपी इलाके में बने इस आलीशान घर का नक्शा रामोजी फिल्म सिटी के इंजीनियरों ने तैयार किया है। करीब पांच हजार स्क्वायर फीट में बना यह आलीशान बंगला किसी महल जैसा दिखाई देता है। विशाल पार्किंग एरिया, राजस्थानी राजपूताना स्टाइल के कमरे और हर दीवार पर यूरोपियन डिजाइन वाला महंगा लकड़ी का इंटीरियर है। सिर्फ दीवारें ही नहीं, बल्कि पूरे घर में इम्पोर्टेड लकड़ी की फ्लोरिंग की गई है। चार मंजिला इस बंगले में ऐशो-आराम की हर सुविधा मौजूद बताई जा रही है। हालांकि, यह इमारत अभी निर्माणाधीन है।

फिलहाल, यह बंगला लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। इस बीच एजेंसियों की जांच भी जारी है। एजेंसियां आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।

बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में शिवराज मोटेगांवकर को मुख्य आरोपी बताया जाता है। वह लातूर के आरसीसी कोचिंग इंस्टीट्यूट का मालिक है। मोटेगांवकर रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) का लेक्चरर पीवी कुलकर्णी का करीबी है, जो एनटीए से जुड़े हुए हैं।

इंस्टीट्यूट और आवास पर की गई तलाशी में केमिस्ट्री का एक प्रश्न बैंक बरामद हुआ, जिसमें ठीक वही प्रश्न थे, जो 3 मई को हुई नीट में आए थे। बीते दिनों सीबीआई ने विभिन्न स्थानों पर 5 जगहों पर तलाशी भी ली और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए।

सीबीआई ने यह मामला 12 मई को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया था। नीट यूजी 2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक होने के बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई है।