दिल्ली दौरे पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, कई केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात

0
5

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा बचत, जल प्रबंधन और विकास योजनाओं को लेकर केंद्र के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया और कहा कि सरकार देशहित में ऊर्जा संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है।

नई दिल्ली में मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हम मध्य प्रदेश में बांधों की श्रृंखला बनाते हुए पीने के पानी, खेतों की सिंचाई और अन्य जरूरतों के लिए पानी का अच्छे से उपयोग हो, इस दिशा में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमें संतोष है कि हमारी नदी, कुएं, तालाब और नहर के पुनर्भंडारण को लेकर मध्य प्रदेश पहले स्थान पर चल रहा है। हम इस पर और तेज गति से काम करेंगे। मैंने केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की और उन्हें प्रदेश में आकर काम देखने के लिए आमंत्रित किया।

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि हमारी यह यात्रा कुल मिलाकर संतोषजनक रही। हमने यूसीसी को लेकर कमेटी भी बना दी है, कमेटी की बैठक भी हो चुकी है। चरणबद्ध तरीके से हम काम कर रहे हैं। हम लोगों तक पहुंचकर सलाह लेने की भी कोशिश कर रहे हैं। उसी के हिसाब से आगे कदम उठाए जाएंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत अपील पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उस पर काम कर रही है। मैं उम्मीद कर रहा हूं कि हम सभी इसमें सहयोग करेंगे। हमने एक गाइडलाइन बना दी है, उसके हिसाब से आगे काम चल रहा है।

दिल्ली दौरे के दौरान सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है।