न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के बाद लेंगी संन्यास

0
5

वेलिंगटन, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की महान खिलाड़ी सूजी बेट्स ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। यह वर्ल्ड कप 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में 38 वर्षीय बेट्स को अपने देश के लिए खेले गए 362 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मौजूदा संख्या में और कुछ मैच जोड़ने का आखिरी मौका मिलेगा।

सूजी बेट्स जून में शुरू होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम को लगातार दूसरा खिताब दिलाने का लक्ष्य रखेंगी। व्हाइट फर्न्स को ग्रुप-बी में मेजबान इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के साथ रखा गया है।

अपने शानदार करियर पर बात करते हुए बेट्स ने न्यूजीलैंड क्रिकेट से कहा, “जब मैं पिछले 20 से ज्यादा वर्षों पर नजर डालती हूं, तो मुझे यकीन ही नहीं होता कि समय इतनी तेजी से कैसे बीत गया। मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मैंने इतनी बार ‘फर्न’ (न्यूजीलैंड टीम का प्रतीक) पहना है। इस टीम के लिए हर दिन एक बेहतर इंसान, टीममेट, क्रिकेटर और एथलीट बनने की कोशिश करने में मुझे बहुत मकसद और खुशी मिली है।”

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सूजी बेट्स के हवाले से कहा, “मेरे सभी टीममेट्स और कोचों के प्रति मेरी कृतज्ञता को शब्दों में पूरी तरह से बयां नहीं किया जा सकता। मेरा एक आखिरी मिशन है: यूके जाना—एक ऐसी जगह जहां मेरी बहुत सारी खास यादें जुड़ी हैं और एक और वर्ल्ड कप जीतना।”

बेट्स ने सभी फॉर्मेट में कुल मिलाकर 14 शतक लगाए और 145 विकेट लिए हैं। यह ऑलराउंडर हाल के समय के सबसे शानदार रिकॉर्ड्स में से एक के साथ खेल को अलविदा कहेंगी। उन्होंने साल 2006 में भारत के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से अपने देश के लिए लगातार उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन किया है।

बेट्स ने 2011 से 2018 के बीच न्यूजीलैंड की कप्तानी भी की। साल 2013 में उन्हें ‘आईसीसी विमेंस वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ चुना गया था। उस साल भारत में हुए वर्ल्ड कप में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया था और सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी थीं।

इसके अलावा, 2016 में भी उन्हें ‘आईसीसी विमेंस वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ और ‘आईसीसी विमेंस टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ चुना गया था। यह वह दौर था, जब उन्होंने दोनों ही फॉर्मेट में द्विपक्षीय क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रखा था।

हाल के समय में, जब टीम की नियमित कप्तान सोफी डिवाइन टीम से बाहर रही हैं, तब बेट्स ने कप्तान की जिम्मेदारी भी संभाली है। टीम के नजरिए से उनका सबसे यादगार पल तब आया, जब टी20 वर्ल्ड कप 2024 एडिशन इस टीम ने जीता था। इस दाएं हाथ की बल्लेबाज ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए थे।