बेलफास्ट, 29 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट को पारी और 79 रन से जीत लिया है। कीवी टीम ने टेस्ट मैच तीसरे दिन के दूसरे सेशन में जीता।
टेस्ट मैच पर नजर डालें तो आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 490 रन बनाकर पारी घोषित की थी।
न्यूजीलैंड के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल और युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने शतक लगाया था। ब्लंडेल ने 292 गेंद पर 3 छक्कों और 22 चौकों की मदद से 186 रन की पारी खेली थी। रवींद्र ने 194 गेंदों पर 4 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 121 रन की पारी खेली थी। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट शतक से चूक गए। वह 129 गेंदों पर 98 रन बनाकर आउट हुए।
आयरलैंड की तरफ से मार्क अडेयर को 3, रिब्यून विल्सन, लियाम मैकार्थी, हैरी टैक्टर और एंडी मैकब्राइन को 1-1 विकेट मिला।
आयरलैंड की पहली पारी 179 रन पर सिमट गई थी। सर्वाधिक 73 रन की पारी एंडी मैकब्रिन ने खेली थी। वह अंत तक नाबाद रहे। इसके अलावा मार्क अडेयर ने 40 रन बनाए। पांच बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए।
कीवी टीम के लिए नाथन स्मिथ ने 40 रन देकर 6 विकेट लिए। इसके अलावा, बेन सियर्स ने 2 और जकारी फोल्क्स और ब्लेयर टिकनर ने 1-1 विकेट लिए।
पहली पारी में 311 रन से पिछली आयरलैंड फॉलोऑन खेलने पर मजबूर हुई। दूसरी पारी में आयरलैंड 232 रन पर सिमट गई। स्टिफन डोहने ने 57 और विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टुकर ने 50 रन की पारी खेली। मार्क अडेयर 44 रन बनाकर नाबाद रहे।
आयरलैंड को पारी और 79 रन से हार का सामना करना पड़ा।
कीवी टीम के लिए दूसरी पारी में ब्लेयर टिकनर ने 5 विकेट लिए। नाथन स्मिथ को 2 और जकारी फोल्क्सको 1 विकेट मिला।
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

