गुरुग्राम, 12 सितंबर (आईएएनएस)। निहाल चीमा ने गुरुग्राम के क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में बॉयज 9 सेक्शन में 4-अंडर 68 का स्कोर करके लगातार दूसरा यूएस किड्स इंडिया (नॉर्थ) खिताब अपने नाम कर लिया है।
यूएस किड्स सीरीज इवेंट्स और अन्य जगहों पर शानदार सफलता पाने वाले चंडीगढ़ के 9 वर्षीय निहाल ने छह बर्डी (दो आखिरी दो होल्स पर) और दो बोगी के साथ 12-शॉट से जीत हासिल की। उनके मुकाबले शिवराज सिंह और जमराउध सिंह सिद्धू 80-80 के स्कोर पर बराबरी पर रहे।
अंडर-पार स्कोर के साथ एक और शानदार विजेता द्रोण सिंह ढुल (बॉयज 12) रहे, जिन्होंने लगातार दूसरी बार 1-अंडर 71 का स्कोर किया। ढुल ने पहले, 14वें और 17वें होल पर बर्डी और 18वें होल पर ईगल हासिल किया, जबकि चार बोगी भी लगाईं।
चीमा पाइनहर्स्ट नंबर 1 पर यूएस किड्स गोल्फ वर्ल्ड चैंपियनशिप में रनर-अप रह चुके हैं, जहां उन्होंने तीन अंडर-पार राउंड खेले और 10-अंडर पार पर टूर्नामेंट खत्म किया था।
वह एफसीजी कैलावे वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी दूसरे स्थान पर रहे और स्कॉटलैंड में यूएस किड्स गोल्फ यूरोपियन चैंपियनशिप (बॉयज-7 डिवीजन) जीती। उन्होंने कैलिफोर्निया में एफसीजी इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2025 भी जीती।
अवनी अत्रेया पहले लेग में जीत के बाद लगातार खिताब जीतने वाले सात खिलाड़ियों में से एक हैं, उन्होंने साल 2026 का पहला ‘होल-इन-वन’ भी दर्ज किया। अवनी 140 गज की दूरी से पार-3 पांचवें होल पर ‘टी’ से सीधे होल में शॉट मारा। उन्होंने एक और बर्डी और छह बोगी लगाईं, लेकिन फिर भी गर्ल्स 15-18 कैटेगरी में 4-ओवर के स्कोर के साथ जीत हासिल की।
सबसे कड़ा मुकाबला गर्ल्स 11-12 कैटेगरी में देखने को मिला, जहां टॉप-3 खिलाड़ियों ने अंडर-पार स्कोर किया। आराध्या भटनागर (69) ने सात बर्डी (जिसमें 11वें से 14वें होल तक लगातार चार बर्डी शामिल थीं) और चार बोगी के साथ प्ले-ऑफ में आद्या कौशल (69) को हराया, जबकि पहले लेग की विजेता हिस्सी बेसरा (70) सिर्फ एक शॉट पीछे रहीं।
10वें होल से शुरुआत करते हुए, आराध्या 15 होल के बाद एक समय 6-अंडर पर थीं, लेकिन आखिरी तीन होल में बोगी लगने के कारण वह 3-अंडर पर रहीं और प्ले-ऑफ में पहुंचीं, जिसे उन्होंने जीत लिया।
आद्या ने भी सात बर्डी लगाईं, जबकि उनके खाते में दो बोगी और एक डबल बोगी भी आईं। हिस्सी ने पार-4 वाले पहले होल पर ईगल-2 के साथ शुरुआत की और चार बोगी के मुकाबले चार और बर्डी लगाकर 2-अंडर 70 का स्कोर किया।
पहले दो लेग में लगातार खिताब जीतने वाले सात खिलाड़ी थे – अर्जुन आदिया (बॉयज अंडर-6), लक्षित ए (बॉयज 7), निहाल चीमा (बॉयज 9), द्रोणा सिंह ढुल (बॉयज 12), सिधक हांडा (बॉयज 15-18), प्रिस्का सचदेवा (गर्ल्स 13-14) और अवनी आत्रेय (गर्ल्स 15-18)।
8 साल तक की उम्र के लड़के और लड़कियों ने नौ-होल के राउंड खेले, जबकि बाकी सभी ने पूरे 18 होल खेले। यूएस किड्स गोल्फ इंडिया (नॉर्थ) सीरीज अक्टूबर में गुरुग्राम के क्लासिक गोल्फ़ एंड कंट्री क्लब में लेग 3 और 4 के साथ जारी रहेगी।
