Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति निशांत कुमार के जदयू में हुए शामिल होने पर एनडीए के नेताओं...

निशांत कुमार के जदयू में हुए शामिल होने पर एनडीए के नेताओं ने दी बधाई

0
20

पटना, 8 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के जनता दल (यूनाइटेड) में आधिकारिक रूप से शामिल होने पर पटना में पार्टी कार्यालय के बाहर जदयू कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाइयां बांटी और इसे पार्टी के लिए अहम क्षण बताया।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री के लिए यह सही समय है। नीतीश कुमार बिहार के ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने लगभग दो दशकों तक असरदार नेतृत्व के साथ राज्य के विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया। आज भी नीतीश कुमार खुद फैसले लेते हैं और सही समय पर लेते हैं। निशांत कुमार के लिए जदयू के वोट बैंक की मांग है कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए। मेरा मानना है कि यह सही समय है कि उनकी सियासी पारी की शुरुआत हो।

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने कहा कि निशांत कुमार का पार्टी में शामिल होना तय है और इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि निशांत के आने से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और पार्टी का जनाधार भी बढ़ेगा।

जदयू सांसद संजय झा ने कहा कि निशांत कुमार भविष्य में क्या भूमिका निभाएंगे, यह आने वाले समय में पार्टी नेतृत्व तय करेगा। फिलहाल उनका पार्टी में शामिल होना महत्वपूर्ण कदम है।

वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया है कि वह बिहार में ही रहेंगे और पार्टी व सरकार उनके मार्गदर्शन में ही काम करती रहेगी। पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने की मांग की थी।

जदयू नेता सुभाष चंद्रा ने बताया कि निशांत कुमार के विचारों और नीतियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। वहीं जदयू नेता अजय कुमार पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय नेता हैं और बिहार के हित में उनके सभी फैसले सही होते हैं। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार का पार्टी में शामिल होना समाज और राज्य के हित में सही कदम साबित होगा। अजय पटेल ने बताया कि निशांत रविवार को जदयू में शामिल होंगे, जिससे संगठन और मजबूत होगा।