Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एनआईटी ने निकाली नॉन-टीचिंग पदों पर वैकेंसी, 24 मार्च तक आवेदन का...

एनआईटी ने निकाली नॉन-टीचिंग पदों पर वैकेंसी, 24 मार्च तक आवेदन का मौका

0
21

नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थान में सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) पटना ने नॉन-टीचिंग के विभिन्न 38 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचन जारी की है।

एनआईटी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 मार्च से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 24 मार्च निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार जारी पदों के लिए आवेदन करने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना एप्लीकेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एनआईटी ने जिन नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 2, असिस्टेंट लाइब्रेरियन के 1, तकनीशियन के 11, टेक्निकल असिस्टेंट के 10, जूनियर असिस्टेंट के 12 और सुपरिटेंडेंट के 2 पद शामिल हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान, बोर्ड या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार, 12वीं, ग्रेजुएशन और मास्टर्स की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता भी होनी चाहिए।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 35 साल निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

एनआईटी की ओर से जारी पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस कैंडिडेट्स के लिए 800 रुपए और एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 400 रुपए निर्धारित है।

एनआईटी की ओर से जारी पदों के लिए सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन करने वालों में से योग्य कैंडिडेट्स का चयन स्क्रीनिंग टेस्ट, ट्रेड टेस्ट/स्किल टेस्ट, बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू), डिस्क्रिटिव/शॉर्ट आंसर टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की बेसिक सैलरी 15,600 रुपए से 39,100 रुपए प्रति महीने होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईटी पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद के लिए संबंधित एप्लीकेशन फॉर्म के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। ऑनलाइन आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फिर फॉर्म चेक कर जमा कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।