नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन की टिप्पणी को लेकर बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने उनका समर्थन किया है। नितिन नवीन ने कहा था कि राहुल गांधी ‘वंदे मातरम’ का मतलब नहीं समझते क्योंकि उनकी परवरिश विदेश में हुई है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से कहा, “नितिन नवीन ने जो कहा वह बिल्कुल सही है। राहुल गांधी की पूरी शिक्षा-दीक्षा और परवरिश विदेश में, विदेशी संस्कृति में हुई है। इसलिए, वे एक भारतीय के लिए ‘वंदे मातरम’ के महत्व को नहीं समझते। यही कारण है कि वे ‘वंदे मातरम’ को पूरा गाने का विरोध करते हैं।”
पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी की टिप्पणी पर बीजेपी सांसद ने कहा, “निश्चित रूप से, जो लोग भारत में रहते हैं लेकिन ‘जय भारत माता’ नहीं कहते और देश की मुख्यधारा के खिलाफ बातें करते हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मैं पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी से अपील करता हूं कि वे ऐसे लोगों की पहचान करें और सुनिश्चित करें कि उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।”
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “सनातन के स्वाभिमान के लिए की गई किसी भी यात्रा का स्वागत है। हालांकि ये वही दिग्विजय सिंह और उनकी पार्टी के लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर का मुद्दा उठने पर अदालत जाकर भगवान राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नाराज फूफा’ वाले बयान पर सफाई देते हुए खंडेलवाल ने कहा, “पहली बात तो यह है कि प्रधानमंत्री ने ‘नाराज फूफा’ कहते समय किसी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया था। अब, अगर जिनकी दाढ़ी में तिनका है, वे खुद को इस ‘नाराज फूफा’ से जोड़कर देखते हैं, तो कोई क्या कर सकता है?”
देश में 2027 में बुलेट ट्रेन शुरू होने के केंद्र सरकार के बयान को लेकर उन्होंने कहा, “यह घोषणा भारत की बढ़ती प्रगति को दर्शाती है और दिखाती है कि देश तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है। न केवल बुलेट ट्रेन बल्कि भारत के लोगों की कई अन्य उपलब्धियों को भी दुनिया भर में मान्यता मिल रही है। यह सब 2047 तक ‘विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।”
बीजेपी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर जानकारी देते हुए बीजेपी सांसद ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ एक महीने तक चलेगा। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होगी और देशभर में पार्टी कार्यकर्ता कई तरह के सेवा कार्यों के ज़रिए अपने नेता का जन्मदिन मनाएंगे।”
— आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
